आजमगढ़। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के सरसंघ चालक प्रो. राजेंद्र सिंह उर्फ रज्जू भईया की पुण्यतिथि शुक्रवार को नेहरू हाल में मनाई गई। इस अवसर पर लोगों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान वरिष्ठ स्वयं सेवक शुभनारायण एवं इंद्रभूषण अग्रवाल को अंगवस्त्रम प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि अध्यक्ष रामलखन और अधिवक्ता परिषद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शशिप्रकाश सिंह ने रज्जू भईया के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया। रामलखन ने कहा कि इलाहाबाद विश्वविद्यालय के प्रवक्ता रहे रज्जू भईया का जीवन बेहद सादगी भरा रहा। शशिप्रकाश सिंह ने कहा कि रज्जू भईया रामप्रसाद बिस्मिल से प्रेरणा ग्रहण करते थे। उनकी इच्छा थी कि देश में रामप्रसाद बिस्मिल का भव्य शहीद स्मारक बनें। उन्होंने वर्तमान सरकार से रज्जू भईया की इस इच्छा को पूर्ण करने की मांग की। कार्यक्रम के संयोजक जितेंद्र सिंह ने सभी का आभार प्रकट किया। संचालन मनीष सिंह ने किया। इस मौके पर सुरेश, राजेंद्र, वरिष्ठ अधिवक्ता लाल बहादुर सिंह, नरेंद्र सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेमप्रकाश राय, श्रीकृष्णपाल, हरेंद्र सिंह, देवेंद्र सिंह, संत प्रसाद अग्रवाल आदि मौजूद रहे।