उत्तर प्रदेश बार काउंसिल के हो रहे चुनाव के द्वितीय चरण के पहले दिन मंगलवार को जिले अधिवक्ता को मनचाहे प्रतिनिधि के चुनाव के लिए वोट डाले। 3180 मतदाताओं में 1282 मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया। चुनाव प्रक्रिया अभी बुधवार को भी जारी रहेगी। शेष मतदाताओं के बुधवार को अपना मत डालने की उम्मीद है। प्रदेश में 298 उम्मीदवार अपना भाग्य आजमा रहे हैं। एक मतदाता को 25 वरीयता मत देने का अधिकार है।
उत्तर प्रदेश बार काउंसिल के चुनाव को लेकर मंगलवार सुबह से ही दिवानी कचहरी के प्रागंण में गहमा-गहमी की स्थिति रही। युवा अधिवक्ता चुनाव को लेकर ज्यादा उत्साहित दिखाई दिए। मतदान को लेकर कचहरी के अंदर बैरीकेडिंग की गई थी। गेट से लेकर अंदर कर दीवारें पोस्टरों और बैनरों से पटी हुई थी।
प्रत्याशियों के समर्थक जगह-जगह विभिन्न वेशभूसा में खड़े होकर मत देने की अपील कर रहे थे। मतदान सुबह दस बजे से शुरू होकर पांच बजे तक चला। सुबह के समय में मतदान की गति काफी धीमी रही। दोपहर 12 बजे के बाद मतदान में तेजी आई। दो बजे तक कुछ 600 मतदाताओं ने प्रयोग किया था।
इसके बाद अन्य मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया। पहले दिन लगभग 40 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान बुधवार को भी जारी रहेगा।
जनपद से पांच उम्मीदवार मैदान में
आजमगढ़। जनपद से कुल पांच उम्मीदवार बार काउंसिल आफ यूपी में सदस्य पद के लिए चुनाव लड़ रहे हैं। इसमें ओम प्रकाश मिश्र, बजरंग मिश्र, इंद्र बहादुर यादव, किलेंद्र उपाध्याय, अरविंद कुमार पाठक शामिल हैं। सभी उम्मीदवार अपनी जीत को लेकर आश्वस्त नजर आ रहे थे। मतदाताओं से जिले के उम्मीदवार के पक्ष में ही प्रथम वरीयता का मतदान करने की अपील कर रहे थे।