आजमगढ़। यूपी बोर्ड परीक्षा आज समाप्त हो जाएगी। अब माध्यमिक शिक्षा विभाग मूल्यांकन की तैयारियों में जुट गया है। जिले में बोर्ड की कापियों के मूल्यांकन के लिए कुल चार केंद्र प्रस्तावित किए गए थे जिन्हें बोर्ड ने मूल्यांकन केंद्र के रूप में चिह्नित कर लिया है। दो केंद्रों पर हाईस्कूल व दो पर इंटरमीडिएट की कापियां जांची जाएंगी।
बोर्ड परीक्षा शुरू होने के पूर्व ही माध्यमिक शिक्षा परिषद ने डीआईओएस कार्यालय से मूल्यांकन केंद्रों के प्रस्ताव मांगे थे। डीआईओएस कार्यालय ने मूल्यांकन केंद्र के रुप में राजकीय बालिका इंटर कालेज, डीएवी इंटर कालेज, शिब्ली इंटर कालेज व इंटर कालेज सठियांव का नाम प्रस्तावित किया था। सचिव माध्यमिक शिक्षा परिषद नीना श्रीवास्तव ने डीआईओएस कार्यालय से भेजे गये मूल्यांकन केंद्रों के प्रस्ताव को ही मूल्यांकन केंद्र घोषित कर दिया है। इन चारों केंद्रों में दो केंद्रों शिब्ली व जीजीआईसी पर इंटरमीडिएट की कापी जांची जायेगी। डीएवी और इंटर कालेज सठियांव पर हाईस्कूल की कापियां जांची जाएंगी। चारों मूल्यांकन केंद्र सीसीटीवी कैमरे की निगहबानी में कुल 123 कक्षों में मूल्यांकन कार्य होगा। बोर्ड से मूल्यांकन केंद्र घोषित होते ही माध्यमिक शिक्षा विभा तैयारियों में जुट गया है। मूल्यांकन केंद्रों पर मूल्यांकन के दौरान बाहरी लोगों का प्रवेश पूरी तरह से वर्जित रहेगा।
ड्यूटी में लगाए जाएंगे 1450 परीक्षक
मूल्यांकन कार्य में 1450 परीक्षक लगाए जाएंगे। शिब्ली इंटर कालेज पर 400 तो जीजीआईसी, डीएवी व इंटर कालेज सठियांव मूल्यांकन केंद्र पर 350-350 परीक्षकों की ड्यूटी लगाई जाएगी। शिब्ली में कुल 55 कक्ष तो जीजीआईसी में 20, डीएवी में 25 व इंटर कालेज सठियांव में 23 कक्षों में मूल्यांकन कार्य होगा।