आजमगढ़। मारवाड़ी धर्मशाला एवं मारवाड़ी युवा मंच की ओर से गुरुवार की रात पुरानी सब्जीमंडी स्थित मारवाड़ी धर्मशाला में होली मिलन और महामूर्ख सम्मेलन का आयोजन किया गया। इसमें एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर गले मिलकर होली की मुबारकबाद दी। इस दौरान सम्मेलन में आए मुख्य अतिथि सदर विधायक और पूर्व मंत्री दुर्गा प्रसाद यादव को लहंगा-चोली, बैगन की माला, टोपी पहनाकर महामूर्ख की उपाधि से नवाजा गया और प्रतीक चिह्न के रूप में उन्हें चूहादानी भेंट की गई।
इसी प्रकार अभिषेक जायसवाल और प्रणीत कुमार श्रीवास्तव को प्रतीक चिह्न के रूप में झाड़ू भेंट किया गया। अतिथियों का स्वागत सब्जियों की माला और टोपी पहनाकर किया गया। देर रात तक हास्य कवियों की कविताओं से लोग लोटपोट होते रहे। अधिवक्ता और कवि अजय राय ने ऐसी होली न खेलों कन्हाई, मोरे मुख पर मारत काहे पिचकारी सुनकार होली के रंग में रंग दिया। बीच-बीच में संचालक गीतकार, हास्य और व्यंग कवि वैभव वर्मा लोगों को अपनी हास्य कविता सुनाकर हंसने पर मजबूर कर देते रहे। युवा कवि पंक ज प्रखर ने जाने क्या हुआ खाना खराब को, सब कुछ समझ बैठा वह शराब को । सुनाकर खूब वाहवाही लूटी। शहीदे आजम भगत सिंह की शहादत दिवस पर वीर रस की कविता सुनाकर देश भक्ति से सराबोर कर दिया। नगर पालिका की पूर्व में रही अध्यक्ष इंदिरा जायसवाल और वर्तमान अध्यक्ष शीला श्रीवास्तव पर संचालन वैभव वर्मा ने व्यंग सुनाया। कब्बो शीला, कब्बो इंदिरा अइहै पारी-पारी। दोनों मिलकर नगर पालिका के खा जइहै बारी-बारी सुनाकर जहां जिला प्रशासन पर तंज कसा वही जनता को खूब हंसाया। युवा कवि अश्क चिरैयाकोटी ने लाल, गुलाबी, नीला, पीला रंग जुदा हो सकता है। रंगों में रंग प्यार का नहीं जुदा हो सकता है। सुनाकार वाहवाही लूटी। इसके अलावा कवि शिव कुमार शर्मा अंबू, दशरथ राय रथेस, अतुल कुमार मुन्ना और भजन गायक राजेश रंजन देर रात तक अपनी गीत और हास्य कविताओं से लोगों को हंसाते रहे। इस मौके पर मारवाड़ी युवा मंच के बलराम तुस्यायन, आकाश बैरासिया, राजू डालमिया, श्याम सुंदर के अलावा बनवारी लाल जालान, जवाहर सैनी, फारुक आदिल अब्बासी, गिरधारी लाल बैरासिया, विष्णु रुंगटा, ज्वाला प्रसाद, संत प्रसाद अग्रवाल, तमसा आंदोलन के प्रवीण सिंह सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।