आजमगढ़। डीएलएड प्रथम व द्वितीय सेमेस्टर अभ्यर्थियों के लिए फूलपुर तहसील क्षेत्र के राजकीय विद्यालय को परीक्षा केंद्र बनाया गया था। शनिवार को परीक्षा केंद्र पर जम कर नकल कराई गई। परीक्षा के दौरान कराये जा रहे नकल का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो गया है। इसके बाद से डायट प्राचार्य से लेकर परीक्षा केंद्र की प्रधानाचार्या मोबाइल स्वीच ऑफ कर लापता हो गए है। नकल पर नकेल के लिए हाईस्कूल व इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा के लिए उन्हीं विद्यालयों को केंद्र बनाया गया जहां बाउंड्रीवाल हैं और प्रत्येक कक्ष में दो सीसी टीवी कैमरा व एक वायस रिकार्डर लगा है। वहीं डीएलएड की परीक्षा के लिए ऐसे विद्यालय को केंद्र बना दिया गया जहां न तो बाउंड्रीवाल ही है न ही सीसीटीवी की ही व्यवस्था है। फूलपुर तहसील क्षेत्र का यह राजकीय विद्यालय इन्हीं कारणों से बोर्ड परीक्षा के लिए केंद्र नहीं बना है। इसके बाद भी डीएलएड जैसी परीक्षा के लिए इसे केंद्र बना दिया गया। शनिवार को डीएलएड प्रथम व द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षा थी। परीक्षा के दौरान विद्यालय परिसर में परीक्षार्थी जम कर नकल कर रहे थे। वहीं नकल कराने वाले भी साल्व लाकर धड़ल्ले से नकल कराने में जुटे थे। सामान्य तौर पर किसी की नजर विद्यालय के अंदर चल रहे खेल की तरफ नहीं गई लेकिन परीक्षा में हो रहे नकल का वीडियो देर शाम सोशल मीडिया पर वायरल हो गया तो हड़कंप मच गया। विद्यालय की प्रधानाचार्य समेत डायट प्राचार्य अमरनाथ राय सोशल मीडिया पर परीक्षा में हो रहे नकल का वीडियो वायरल होने के बाद अपने-अपने मोबाइल बंद कर लिए है। कोई भी स्पष्ट जानकारी देने से बच रहा है।