आजमगढ़। प्रदेश सरकार के निर्देश पर शुक्रवार को राजकीय बालिका इंटर कालेज में पुरानत छात्राओं के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पुरातन छात्र सम्मेलन भी हुआ। जिसमें विद्यालय की पुरानी छात्राओं ने अपनी बात रखी। इसके साथ ही माध्यमिक शिक्षा विभाग व विद्यालय प्रशासन द्वारा पुरातन छात्राओं को अंगवस्त्रम व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की शुरूआत मुख्य अतिथि प्रभारी जेडी योगेंद्र कुमार सिंह, विशिष्ट अतिथि संगीता तिवारी, आयोजक वीके शर्मा व जीजीआईसी प्रधानाचार्य सुधा सिंह ने संयुक्त रूप मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्जवलन कर किया। इसके पश्चात पुरातन छात्र सम्मेलन की शुरूआत हुई। जिसमें विद्यालय की पूर्व छात्राएं मधुलिका अग्रवाल, नीलिमा ओझा, माला द्विवेदी, सुुुशीला राय, सुमन अस्थाना, श्रुतिका ओझा, ऋचा श्री, लाजो गुप्ता, स्नेहिल श्रीवास्तव, त्रिशा सिंह आदि शामिल रही। सम्मेलन में माला द्विवेदी ने कहा कि पढ़ाई एक साधन है, पढ़ाई करेंगे तो निश्चित तौर पर सफलता मिलेगी। सुशीला राय ने कहा कि हमारे पढ़ने के दौरान अनुशासन बहुत ही अच्छा था, जिसका परिणाम है कि आज हम एक मुकाम पर पहुंचे है। सुमन अस्थाना ने कहा कि इस विद्यालय से मेरा उत्थान हुआ है। सम्मेलन के दौरान विद्यालय की छात्राओं ने आकर्षक सांस्कृति कार्यक्रमों की प्रस्तुति कर लोगों का मन मोह लिया। अंत में सभी पुरातन छात्राओं का डीआईओएस डॉ. वीके शर्मा व प्रधानाचार्या सुधा सिंह ने अंगवस्त्रम व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया। इस अवसर पर सूर्य प्रकाश पांडेय, बीके सिंह, धर्म सिंह, कल्पनाथ, डॉ. आराधना सिंह समेत विद्यालय की समस्त शिक्षिकाएं व छात्राएं मौजूद रही।