आजमगढ़। राजकीय यूनानी चिकित्सालय के लिए जनपद में काफी दिनों से भूमि की तलाश की जा रही थी। जिला प्रशासन ने सदर तहसील के सेमा गांव में नवीन परती की भूमि की तलाश कर ली है। साथ ही जिलाधिकारी की ओर से उक्त भूमि को यूनानी चिकित्सालय के नाम करने का आदेश जारी कर दिया गया है। जनपद में राजकीय यूनानी चिकित्सालय की स्थापना का निर्णय लिया गया। इसके बाद जिला प्रशासन को इसके निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध कराने का निर्देश शासन से जारी किया गया। शासन के निर्देश पर जमीन की तलाश शुरू हुई। मुख्य राजस्व अधिकारी ने सदर तहसील के सेमा गांव स्थित गाटा संख्या 883 जिसका रकबा 0.4070 हेक्टेअर नवीन परती भूमि की तलाश की गई। इसमें से 0.0840 हेक्टेअर भूमि यूनानी चिकित्सालय के निर्माण के लिए प्रस्तावित की गई। जब यह प्रस्ताव जिलाधिकारी के पास पहुंचा तो उन्होंने उक्त भूमि को यूनानी चिकित्सालय के निर्माण के लिए देने का आदेश देते हुए इसके पुनर्ग्रहण का आदेश दिया। जिससे सेमा में नए यूनानी चिकित्सालय के निर्माण का मार्ग प्रशस्त हो गया है।