आजमगढ़। प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के तहत एडीए को 1000 आवासों के निर्माण का लक्ष्य दिया गया है। काफी दिनों से जमीन की तलाश में जुटे प्राधिकरण को जिला प्रशासन ने सिधारी स्थित पुराने होमगार्ड आफिस के सामने स्थित मैदान की जमीन को आवंटित किया। जमीन का आवंटन होने के बाद एडीए की ओर से विकास बंधु को डीपीआर बनाकर भेजा गया। लेकिन विकास बंधु ने डीपीआर में कमियां को बताते हुए उसे वापस करने का निर्णय लिया है। अब प्राधिकरण को संशोधित डीपीआर भेजना होगा। आजमगढ़ विकास प्राधिकरण को 1000 शहरी प्रधानमंत्री आवासों का निर्माण कराना है। यह निर्माण प्राधिकरण द्वारा तीन चरणों में कराया जाएगा। इसके लिए उसे सिधारी स्थित पुराने होमगार्ड आफिस के सामने जमीन उपलब्ध हो गई है। जमीन की पैमाइश होने के बाद प्राधिकरण तेजी से निर्माण शुरू कराने की कवायद में जुट गया। इसके लिए एडीए ने नौ सितंबर को ही डीपीआर बनाकर विकास बंधु को भेज दिया था। विकास बंधु ने इसमें कई कमियों को पकड़ा और उन कमियों से एडीए सचिव को अवगत कराते हुए वापस करने की बात कही। अब यह डीपीआर कमियों केे दुरुस्त करते हुए दोबारा बनाया जाएगा। इसके बाद इसे फिर से विकास बंधु को भेजा जाएगा। जहां से इसके स्वीकृत होने के बाद शासन को भेजा जाएगा। वहां से स्वीकृति मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हमारे द्वारा जमीन की पैमाइश होने के बाद डीपीआर बनाकर विकास बंधु को भेजा गया था लेकिन उनके द्वारा डीपीआर में कई कमियों को पकड़ा गया है। जिसे उनके द्वारा वापस किया जा रहा है जिसे दुरुस्त कर दोबारा भेजा जाएगा। हमारे पास कोई विशेषज्ञ नहीं है जिसके कारण यह डीपीआर में यह कमियां हुई हैं।
बाबू सिंह, एडीए सचिव।