आजमगढ़। सपा विधायक नफीस अहमद द्वारा दिए गए बयान को लेकर जारी विरोध थमने का नाम नहीं ले रहा है। गुरुवार को भाजयुमों के सह संयोजक चंद्रपाल सिंह के नेतृत्व में बिलरियागंज में सपा विधायक का पुतला फूंका गया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि जब तक विधायक सार्वजनिक रूप से इस बयान के लिए माफी नहीं मांग लेते तब तक यह विरोध जारी रहेगा।
सह संयोजक चंद्रपाल सिंह ने कहा कि राष्ट्रहित के लिए सदैव तत्पर रहने वाली आरएसएस के खिलाफ एक विधायक द्वारा की गई आपत्तिजनक टिप्पणी को हम कभी बर्दाश्त नहीं करेंगे। जब तक गैर जिम्मेदार विधायक सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगेंगे तब तक यह विरोध जगह-जगह जारी रहेगा। सपा विधायक जिले का माहौल खराब करने पर उतारू है अगर उन्हें देश को खंडित करने वाले से इतना ही सरोकार है तो पाकिस्तान चले जाएं। भाजयुमो बिलरियागंज के मंडल अध्यक्ष उमेश गोंड़ ने कहा कि जब तक गैर जिम्मेदार विधायक माफी नहीं मांगेगे तब तक हम इसी तरह से उनका विरोध करते रहेंगे। दुर्भाग्य है कि एक जनप्रतिनिधि ही देश के दुश्मनों की वकालत कर रहा है और लोगों को भड़काने काम कर रहा है। इस मौके पर सुनील गुप्ता, विशाल गुप्ता, दयाशंकर यादव, सुशील, अमित गुप्ता, शहनवाज, डब्लू, उत्कर्ष, यशपाल आदि उपस्थित थे।