आजमगढ़। जिले के ऐसे 400 गरीब जो भूमिहीन हैं और जिन्होंने सरकारी या ग्राम समाज की जमीनों पर कब्जा जमा लिया है। वह जमीन अब उनके नाम होगी। संभवत: 4 जनवरी को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जिले में आएंगे। इस दौरान वह ऐसे गरीबों में जमीन के अभिलेखों का वितरण करेंगे।
मुख्यमंत्री योगी जिले के एकमात्र उद्योग दि किसान सहकारी चीनी मिल परिसर में स्थित डिस्टीलरी प्लांट का उद्घाटन कर जनपद को नए साल का तोहफा देंगे। शुक्रवार को जिलाधिकारी चंद्रभूषण सिंह ने अधिकारियों के साथ बैठक कर उन्हें इस संबंध में आवश्यक निर्देश दिया। इस दौरान मुख्यमंत्री द्वारा जिले के लगभग 400 भूमिहीन गरीबों को जमीन का तोहफा दिया जाएगा। जिले में ऐसे बहुत से गरीब लोग हैं जिन्होंने सरकारी या ग्राम समाज की जमीन पर कब्जा कर आवास का निर्माण करा लिया है। जिसे देखते हुए शासन ने अब ऐसी जमीनों को कब्जा जमाए लोगों के नाम करने का निर्णय लिया है। जनपद आगमन के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा ऐसे लोगों को उक्त भूमि के अभिलेख दिए जाएंगे। जिला प्रशासन की ओर से जिले के ऐसे 400 लोगों का चयन करने की योजना बनाई गई है। इसके लिए समस्त तहसीलों को ऐसे 50-50 लोगों को चिह्नित करने का लक्ष्य दिया गया है।