आजमगढ़(ब्यूरो)। आंगनबाड़ी कर्मचारी एवं सहायिका एसोसिएशन का 17सूत्रीय मांगों को लेकर शुक्रवार को 19वें दिन रिक्शा स्टैंड पर धरना जारी रहा। जिला अध्यक्ष सीमा यादव ने कहा कि शासन प्रशासन हमारे धरने को नजरअंदाज कर रहा, इसीलिए हम कार्यकत्री व सहायिकाएं दस अक्तूबर को लखनऊ में सरकार को अपनी ताकत दिखाएंगे। उन्होंने कहा कि हमारे धरने से जिला प्रशासन पस्त है, इसलिए षडयंत्र के तहत दूसरे गुट को फर्जी तरीके से खड़ा करके उनसे जबरन विभागीय कार्य शुरू करवाना चाह रहा है। यहीं नहीं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों पर दबाव बनाने के लिए प्रशासन ने सुपरवाईजरों को धरना स्थल भेजा। जो शांतिपूर्वक धरना कर रही कार्यकत्रियों के अभद्रता के साथ पेश आ रही थी, लेकिन कार्यकत्रियों के धैर्य के आगे प्रशासन एक नहीं चली और धरना शांतिपूर्वक चला। धरने में जिला महामंत्री लक्ष्मी सिंह, जिला संरक्षक संजीवन कुमार गौतम, रीता यादव आदि मौजूद रही।