आजमगढ़ (ब्यूरो)। सरकार ने हर वर्ग के लिए कार्य किया है। किसानों की कर्जमाफी, गेहूं की खरीदारी, अवैध बूचड़खानों को बंद कराने और महिलाओं की सुरक्षा के लिए उपाय किए हैं। भ्रष्टाचार करने वाले बचेंगे नहीं, उनकी जांच कराकर कार्रवाई कराई जाएगी। ये बातें उपमुख्यमंत्री व प्रभारी मंत्री ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में पत्रकारों से बातचीत में कहीं।
उन्होंने कहा कि गरीबों के हित की योजनाओं में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सरकार ने कम समय में हर वर्ग के लिए कार्य किया है। किसानों को राहत देने के लिए कर्जमाफी की गई। हमारा लक्ष्य विवाद नहीं बल्कि विकास का है। भ्रष्टाचार करने वाले बचेंगे नहीं उनकी जांच कराकर कार्रवाई करेंगे। जनपद में हो रही बिजली कटौती के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि यह बिजली कटौती नहीं बल्कि जर्जर व्यवस्था के कारण कटौती हो रही है। इसे सुधरने में समय लगेगा। खराब सड़कों के सवाल पर उन्होंने कहा कि 15 जून तक सड़कों को गड्ढ़ामुक्त करने का निर्देश दिया गया था। पूरे प्रदेश की 121 हजार किमी सड़कों में से 82 हजार किमी सड़कों की मरम्मत हुई। अभी यह कार्य बंद नहीं हुुआ है। प्रदेश के 73 राजमार्गों को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित किया जा चुका है। 45 और राजमार्गों को राष्ट्रीय राजमार्ग बनाने का प्रस्ताव दे दिया गया है। एक सवाल के जवाब में प्रदेश में सरकार जाने के बाद सपा बौखलाहट में है। वह सदमे में है और क्या कह रही है उसे पता नहीं। उसे लगता है कि गोवर्धन पर्वत उसी ने उठा रखा था। पत्रकार वार्ता के समय सांसद नीलम सोनकर, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेमप्रकाश राय, विधायक अरूण कांत यादव, राजेश सिंह महुआरी आदि उपस्थित थे।