आजमगढ़। इन दिनों अगलगी के घटनाओं की जैसे बाढ़ सी आ गई है। कहीं रिहायशी मड़ई जल जा रही है तो कहीं गेहूं की फसल ही आग की भेंट चढ़ जा रही है। ज्यादातर स्थानों पर बिजली के जर्जर तारों के बीच होने वाले शार्ट सर्किट से अगलगी की घटनाएं हो रही है। लाटघाट संवाददाता के अनुसार रौनापार थाना क्षेत्र के अराजी देवारा नैनीजोर कोलवा गांव में रविवार की रात अज्ञात कारणों से रिहायशी मड़ई में आग लग गई। अगलगी की इस घटना में गांव निवासी सिकंदर की पांच, लाल बिहारी की चार व छविराज की तीन मड़ईयां जल कर खाक हो गई। अगलगी की इस घटना में तीनों की पूरी गृहस्थी ही जल गई। ग्रामीणों ने अथक प्रयास कर आग पर काबू पाया। सूचना के बाद भी फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर नहीं पहुंची थी, जिसे लेकर ग्रामीणों में आक्रोश भी देखने को मिला। सरायमीर संवाददाता के अनुसार खरेवां गांव स्थित मुसहर बस्ती निवासी चंद्रिका के रिहायशी मडई में सोमवार की शाम करीब छह बजे शार्ट सर्किट से आग लग गई। अगलगी की इस घटना में घर गृहस्थी के सामान जहां जल कर खाक हो गए तो वहीं पांच बकरियां भी झुलस कर मर गई।