आजमगढ़। गर्मी के कारण बिजली की खपत भी बढ़ती जा रही है। जिसके कारण लोग अपने घरों में बिजली का उपयोग ज्यादा करने लगे हैं। ओवर लोड का भार ट्रांसफार्मर पर आने से ट्रांसफार्मर आए दिन फुंक रहे हैं। विभाग के आंकड़ों पर गौर किया जाय तो तीन महीने यानी एक मार्च से 20 मई तक जिले में कुल 1173 ट्रांसफार्मर ओवरलोड के कारण जल गए। सबसे ज्याद माह अप्रैल में ट्रांसफार्मर ओवर लोड का शिकार हुए। विभाग की माने तो पिछले वर्ष की तुलना में इस साल कम ट्रांसफार्मर जले हैं।
विद्युत आपूर्ति को बेहतर ढंग से संचालित करने के लिए जिले को 6 डिवीजन में विभाजित है। शहर, सगड़ी, लालगंज, फूलपुर, मुबारकपुर व कप्तानगंज डिवीजन को जिले में विद्युत आपूर्ति की अलग-अलग जिम्मेदारी दी गई है। गर्मी के कारण ट्रांसफार्मरों पर लोड इतना बढ़ जा रहा है कि वह लोड नहीं ले पा रहे और जल जा रहे हैं। जिनके घर पर दो किलोवाट का कनेक्शन है वह उससे ज्यादा की बिजली का प्रयोग कर रहे हैं इतना ही नहीं कटिया कनेक्शनधारी भी विभाग को हालत खस्ता कर दिए है। गर्मी से राहत पाने के लिए लोग अपने घरों मे कुलर, एसी, फ्रीज, पंखा आदि चला रहे। इसका भार सीधे ट्रांसफार्मर पर ही पड़ रहा है जिसके कारण वह लोड नहीं उठा पा रहे और ट्रांसफार्मर फुंक रहे हैं।
गांवों का हाल यह है कि वर्षों पहले विभाग ने कनेक्शन के हिसाब से अलग-अलग केवीए का ट्रांसफार्मर लगाया था लेकिन अब वहां की आबादी धीरे-धीरे बढ़ गई है। इसमें अधिकतम लोगों ने कनेक्शन भी ले लिया है लेकिन विद्युत आपूर्ति पुराने क्षमता के ही ट्रांसफार्मरों से कीजा रही है। यह भी ओवरलोड का कारण बन रहे हैं। तीन माह में जले ट्रांसफार्मर के हिसाब से देखा जाए तो जिले में प्रतिदिन औसतन 15 से 16 ट्रांसफार्मर जल रहे हैं। कई जगहों पर तो अधिक भार के कारण ट्रांसफार्मर बदलने के बाद भी जल गए जिसके कारण वहां पर मांग से अधिक क्षमता का ट्रांसफार्मर विभाग को लगाना पड़ा। विभाग की मांने तो जिले में 90 जगहों पर ओवरलोड के कारण क्षमता से अधिक पावर का ट्रांसफार्मर लगाया गया हैं।
20 दिन में फूलपुर डिवीजन में फुंके 106 ट्रांसफार्मर
आजमगढ़। मई माह के 20 तारीख तक जिले मे कुल 371 ट्रांसफार्मर जले। इनमें सबसे ज्यादा फूलपुर डिवीजन में 106 ट्रांसफार्मर ओवरलोड का शिकार हो गए। इनकी जगह दूसरे ट्रांसफार्मर लगाकर विभाग जले ट्रांसफार्मरों की मरम्मत के लिए वर्कशाप में भेज दिया है। जिनको बनाने का काम जारी है। जबकि मार्च और अप्रैल माह में यहां पर कम ट्रांसफार्मर जले। क्षेत्र में आए दिन ट्रांसफार्मर जलने कारण ओवरलोड बताया जा रहा है। गर्मी के कारण लोग अपने घरों में अवैध रूप से फ्रीज, एसी चला रहे हैं। एसडीओ वर्कशाप संदीप प्रजापति ने बताया कि ओवरलोड के कारण आए दिन ट्रांसफार्मर फुंक रहे हैं। जहां ट्रांसफार्मर जल रहा है वहां पर दूसरा लगाया जा रहा है। कई जगहों पर तो जेई द्वारा मौके पर ही ट्रांसफार्मर को सही करा दिया जा रहा है। 90 स्थानों पर पहले से अधिक क्षमता के ट्रांसफार्मर लगाए गए।