मुबारकपुर। स्थानीय कस्बे में डेढ़ माह से अधिक समय से फैली पीलिया से रविवार की सुबह एक और मौत हो गई। एक के बाद एक कर आठवीं मौत से कस्बेवासी पूरी तरह सकते में हैं। नगरपालिका प्रशासन और स्वास्थ्य महकमा के सारे प्रयास पूरी तरह से फेल साबित हो रहे हैं और नित नए मरीजों को मिलने का क्रम भी रविवार को जारी रहा।
11 जनवरी से मुबारकपुर कस्बे में पीलिया का प्रकोप फैला हुआ है। तब से नपा प्रशासन और स्वास्थ्य महकमा लाख कवायद कर चुका है लेकिन पीलिया पर कंट्रोल नहीं हो सका है। 22 वर्षीया वंदना पत्नी अखिलेश निवासिनी पुरानी बस्ती गोला में लगभग एक सप्ताह पूर्व पीलिया के लक्षण पाए गए। इसके बाद परिजनों में हड़कंप मच गया। सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया। बीएचयू ले जाने पर वहां भी उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ तो परिजन उसे लेकर दो दिनों पूर्व लखनऊ भागे। वहां पीजीआई में उसे भर्ती कराया गया लेकिन परिजनों की सारी भागदौड़ उस समय फेल हो गई जब रविवार की भोर में वंदना ने इलाज के दौरान ही दम तोड़ दिया। वंदना की अभी आठ माह पूर्व ही शादी हुई थी और वह गर्भवती भी थी। मौत की सूचना कस्बे में पहुंचते ही हड़कंप मच गया। आसपास के लोग घर पर पहुंच कर शोक संवेदना व्यक्त करने लगे। वहीं, पीलिया से मौत की सूचना पर क्षेत्रीय विधायक शाह आलम उर्फ गुड्डू जमाली मृतका के घर पहुंचे और परिजनों से मिल कर ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि पीलिया के कारणों की जांच उच्चस्तरीय जांच कमेटी से कराने की वह शासन से मांग करेंगे।
दो नए मरीज आए सामने, एक गंभीर, रेफर
मुबारकपुर। कस्बे में फैली पीलिया के दो नए मरीज रविवार को भी सीएचसी पर पहुंचे। इसमें पूरा ख्वाजा मुहल्ला निवासी 15 वर्षीय जीतू पुत्र जयप्रकाश और पुरानी बस्ती निवासी 45 वर्षीय प्यारे पुत्र ननटू शामिल रहे। दोनों सीएचसी पर पहुंचे थे। इनमें प्यारे की हालत काफी गंभीर थी। इसे सीएचसी प्रशासन ने तत्काल जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। वहीं, जीतू का सीएचसी पर ही इलाज चल रहा है। इसके अलावा, तीन से चार की संख्या में नए मरीज प्राइवेट अस्पतालों पर भी पहुंचने की सूचना मिली है।