रानी की सराय। स्थानीय कस्बा स्थित उप डाकघर पर दो दिनों पूर्व आधार कार्ड केंद्र की स्थापना हुई थी। दो दिनों के बाद ही मशीन ने काम करना बंद कर दिया, जिसके चलते आधार बनवाने, संशोधन कराने वालों की भीड़ लग रही है और उन्हें बैरंग वापस लौटना पड़ रहा है। जिससे लोगों में रोष व्याप्त हो गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि रानी की सराय कस्बे में आधार कार्ड केंद्र न होने से काफी परेशानी हो रही थी। जिसके चलते लोगों ने जिलाधिकारी को पत्रक देकर कस्बे में आधार केंद्र खोले जाने की मांग की। इस पर पोस्टआफिस में आधार कार्ड केंद्र खोलने की व्यवस्था हुई। दो दिनों पूर्व ही उप डाकघर पर काम शुरू हुआ और उसके बाद विभागीय दुर्व्यवस्था के चलते काम ठप हो गया। गुरुवार को सुबह से शाम तक लोग मशीन चालू होने का इंतजार करते रहे और फिर बैरंग वापस लौटने को मजबूर हुए। कक्षा 9 और 11 के छात्रों को रजिस्ट्रेशन में आधार कार्ड देना अनिवार्य है, जिसके चलते इन छात्रों की भारी भीड़ आधार कार्ड केंद्र पर उमड़ रही है। काम ठप होने से लोग आक्रोशित हो उठे हैं। क्षेत्र के आनंद, हरेंद्र, सुजीत आदि का कहना है कि विभागीय दुर्व्यवस्था के चलते यह स्थिति उत्पन्न हुई है। यदि जल्द पोस्ट आफिस पर आधार कार्ड बनना नहीं शुरू हुुआ तो वे मंडलायुक्त को पत्रक देकर गुहार लगायेंगे।