पल्हनी। 68500 शिक्षक भर्ती परीक्षा रविवार को जिले में बनाए गए 17 केंद्रों पर सकुशल संपन्न हो गई। केद्रों पर कुल 8035 अभ्यर्थियों को परीक्षा देनी थी। जिसमें 1130 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासनिक अमला और शिक्षा विभाग पूरी तरह से मुस्तैद रहा।
सुबह से ही परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों का पहुंचना शुरू हो गया था। 10 बजे से एक बजे की पाली में परीक्षा संपन्न कराई गई। नकल विहीन परीक्षा संपन्न कराने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर जहां एक-एक स्टैटिक मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई थी तो वहीं शिक्षा विभाग और प्रशासन ने अपनी तरफ से एक-एक पर्यवेक्षकों को भी तैनात किया था। इसके साथ ही छह सचल दस्ते भी लगातार चक्रमण कर परीक्षा पर नजर रखे थे। शिक्षक भर्ती परीक्षा के चलते परीक्षा शुरू होने से पूर्व से लेकर परीक्षा खत्म होने के बाद तक शहर में जगह-जगह जाम का झाम देखने को मिला। भीषण गर्मी के चलते अभ्यर्थी और उनके साथ आए अभिभावक परेशान दिखे।
अग्रसेन कन्या इंटर कालेज परीक्षा केंद्र के पास भारत रक्षा दल ने गर्मी के मौसम को देखते हुए अभ्यर्थीयों और उनके साथ आये अभिभावकों के लिए प्याऊ का भी इंतेजाम किया था। प्रदेश उपाध्यक्ष हरिकेश विक्रम श्रीवास्तव ने बताया कि इन दिनों काफी गर्मी पड़ रही है। परीक्षा केंद्र के बाहर पेयजल का कोई इंतेजाम नहीं है। जिसके चलते संगठन की तरफ से लोगों की परेशानी को देखते हुए यह इंतेजाम किया गया था।
जिले में आयोजित शिक्षक भर्ती परीक्षा में शामिल होने के लिए जिले के साथ ही गैर जनपदों के अभ्यर्थी भी आए हुए थे। परीक्षा समाप्ति के बाद अभ्यर्थियों को घर वापसी के लिए काफी समस्या का सामना करना पड़ा। रोडवेज पर दुर्व्यवस्थाओं और बसों की स्पष्ट सूचना का कोई इंतेजाम न होने से घंटों भीषण गर्मी में परेशान हाल होकर इधर-उधर भटकने को मजबूर हुए। रोडवेज परिसर से लेकर बवाली मोड़ तक अभ्यर्थी अपने रूट के बसों को खोजने में भागते-दौड़ते नजर आए और रोडवेज प्रशासन को कोसते रहे।