सगड़ी। सड़क चौड़ीकरण के लिए जीयनपुर बाजार में तोड़े गए लोगों के मकानों के अवशेष अब राहगीरों के लिए मुसीबत का सबब बन गए हैं। बाजार की नालियां जाम होने और जगह-जगह पाइप लाइन के टूटने से नाली और पाइप लाइन का पानी सड़कों पर जमा हो गया है। जिससे पूरे बाजार की सड़क तालाब में तब्दील हो गई है।
सगड़ी तहसील क्षेत्र के जीयनपुर बाजार में सड़क के दोनों किनारे बाजार में हुए अतिक्रमण और सड़क चौड़ीकरण को लेकर लोकनिर्माण विभाग द्वारा 17 अप्रैल से की जा रही तोड़फोड़ की कार्रवाई के बाद अब बाजार वासियों और राहगीरों की मुश्किलें काफी बढ़ गई हैं। क्योंकि टूटे मकानों के मलबे से कई स्थानों पर पानी आपूर्ति पाइप टूट चुकी है और सारा पानी सड़क पर बह रहा है। वहीं मलबे से नालियां जाम हो गई हैं जिससे घरों से निकलने वाला गंदा पानी भी सड़कों पर जमा हो गया है। पूरी सड़क तालाब में तब्दील हो गई है। जिसके कारण इस मार्ग से गुजरना दूभर हो गया है। बुधवार की रात लगभग नौ बजे चौक के दक्षिण तरफ बीच सड़क पर एक माल लदा ट्रक फंस जाने से गुरुवार को बागखालिस बाजार से जीयनपुर चौक तक लगभग तीन किमी से अधिक लंबा जाम लग गया। समाचार लिखे जाने तक जीयनपुर बाजार में लगा जाम समाप्त नहीं हो सका था।