जहानागंज। जिला जज सैय्यद आफताब हुसैन रिजवी के नेतृत्व में मंगलवार को जिला जेल का निरीक्षण किया गया। इस दौरान जहां बैरकों की सघन तलाशी ली गई। वहीं साफ-सफाई आदि न होने पर इसमें सुधार करने का निर्देश दिया गया। निरीक्षण के दौरान जिला जज महिला और पुरुष बैरकों में जाकर बंदियों से मिलकर उन्हें होने वाली समस्याओं के विषय में विधिवत पूछताछ की गई।
जेल अधीक्षक अनिल कुमार गौतम ने बताया कि पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत मंगलवार को जिला जज सैय्यद आफताब हुसैन रिजवी के नेतृत्व में डीएम शिवाकांत द्विवेदी और एसपीसिटी सुभाष चंद्र गंगवार भारी भरकम फोर्स लेकर पहुंचे। मंगलवार की दोपहर जेल पर पहुंचे अधिकारी प्रत्येक बैरकों में जाकर तलाशी ली। साथ ही जेल के साफ-सफाई आदि को भी देखा गया। इस दौरान थोड़ी बहुत गंदगी दिखने पर उसे सुधारने का निर्देश दिया गया। जेल अधीक्षक ने बताया कि जेल में वर्तमान समय में कुल 1013 पुरुष बंदी और 41 महिला बंदी निरुद्ध हैं। महिला बंदियों के साथ उनके छह बच्चे भी मौजूद हैं। जेल में कुल 32 सीसी टीबी कैमरा लगा है जो काम कर रहा है। जल्द ही जैमर भी चालू हो जाएगा। प्रतिदिन एक बैरक की सघन चेकिग की जाती है। जेल में चार डाक्टरों की मेडिकल टीम बंदियों के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए लगाया गया है। करीब दो घंटे तक जेल में मौजूद रहने के बाद अधिकारी वापस लौट गए।