आजमगढ़। रोडवेज प्रशासन की मनमानी, सामाजिक कार्यकर्ता पर मुकदमा वापस लेने सहित पांच सूत्री मांगों को लेकर हिंद सेवा दल और निषाद सेना की बैठक शनिवार को रोडवेज पर हुई। निर्णय लिया गया कि संगठन 26 मार्च से रोडवेज स्थित पेट्रोल पंप के बगल में अनिश्चितकालीन धरने पर बैठकर अपनी आवाज बुलंद करेगा।
राष्ट्रीय अध्यक्ष रामकिशुन निषाद ने बताया कि परिवहन निगम की बसों का संचालन रोडवेज परिसर से हो। प्रेशर हार्न को तत्काल निगम की बसों से हटाया जाए। सामाजिक कार्यकर्ता एसके सत्येन और उनके भाई पर दर्ज मुकदमा वापस लिया जाए। यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, शाखा सहदेवगंज, आजमगढ़ में किसानों के एनपीए खातों से बैंक कर्मियों ने नोटबंदी के दौरान किसानों के बगैर हस्ताक्षर के उनके खातों से लेन-देन किया। इससे किसानों को कर्जमाफी से वंचित होना पड़ा है। इसकी जांच कराई जाए। दोषी बैंककर्मियों के खिलाफ कार्रावाई की जाए। मंडलीय जिला चिकित्सालय में सरकारी चिकित्सकों के चैंबर में अवैध तरीके से युवकों को बैठाकर बाहर से दवा लिखवाई जा रही है। इस को लेकर हिन्द सेवा दल निषाद सेना प्रशासन से आर-पार की लड़ाई लड़ेगा। अध्यक्षता अजीत कुमार व संचालन ओमप्रकाश यादव ने किया। राकेश गौतम, लाल जी, छविराज निषाद, मोहम्मद अबु जैश, राजनाथ यादव, दयाराम निषाद, राकेश यादव, हरिराम यादव, भरत निषाद, सूरज निषाद, हरेन्द्र यादव, मोती चन्द उपस्थित रहे।