लाटघाट। खाद्य विभाग की टीम सोमवार को सगड़ी तहसील क्षेत्र की विभिन्न बाजारों से खाद्य पदार्थों की दुकानों से नमूने जुटाए।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी डीके राय के नेतृत्व में टीम ने लाटघाट बाजार के सुभाष जायसवाल के मिठाई के गोदाम से खोवा और छेना, दयाशंकर गुप्ता की दुकान से मिल्क केक का नमूना लिया। विभाग की इस कार्रवाई से लाटघाट बाजार की सभी दुकानें धड़ाधड़ बंद हो गई। इसके बाद टीम ने मालटारी बाजार से संजय प्रजापति के यहां से खोवा का सैंपल लेकर जांच के लिए लैब में भेजा। इसके बाद टीम ने बाजार गोसाई और बनकटा बाजार से भी खाद्य पदार्थों के नमूने लिए। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी डीके राय ने बताया कि लाटघाट बाजार में काफी दिनों से दो नंबर का खोवा और छेना बनाकर बेचने की शिकायत मिल रही थी। जिस पर कार्रवाई की गई। टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमरदेव कुशवाहा, एसके चौहान, बाबूलाल, देवेश कुमार मिश्र, हरेंद्र आदि शामिल थे।