आजमगढ़। जिला विद्यालय निरीक्षक डा.वीके शर्मा ने कहा कि परीक्षाओ के चक्रमण के दौरान यह देखने को मिला कि केंद्र व्यवस्था को जिन चार बिंदुओं का पालन करने के आदेश दिए गए थे, जानबूझकर आदेशों की अवज्ञा की जा रही है।
उन्होंने बताया कि सचिव उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद इलाहाबाद, जिला प्रशासन और जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा सभी केंद्र व्यवस्थापकों को मिक्स सीटिंग प्लान या अपने स्वकेंद्र की छात्र-छात्राओं को मिलाकर बैठाने के आदेश थे, लेकिन निरीक्षण के दौरान कई विद्यालयों पर स्थिति इसके विपरीत पाई गई। इस वर्ष उत्तर पुस्तिकाओं की कोडिंग की गई है। इसको सीरियल नंबर से परीक्षार्थियों को वितरित किया जाना है। इसके लिए लेखा-जोखा पंजिका बनाए जाने को कहा गया था। लेकिन कई विद्यालयों पर उत्तर पुस्तिका वितरण की पंजिका नहीं रखी पाई गई। ड्यूटी में लगाए गए कक्ष निरीक्षक के हस्ताक्षर कराया जाना अनिवार्य है। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि कही-कही केंद्र व्यवस्थापक कक्ष निरीक्षक के वितरण की पंजिका नहीं रखे हुए थे। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देशित किया है कि प्रत्येक कक्ष निरीक्षक का ड्यूटी कार्ड उन्हें दे दिया जाए ताकि उन्हें ज्ञात हो सके कि किन-किन तिथियों में ड्यूटी करनी है। ताकि वह खाली दिनों में अपने विद्यालय जाकर पठन पाठन करा सके। उन्होंने कहा कि उपरोक्त चारों बिंदुओं का अक्षरत: पालन किया जाए।