आजमगढ़। जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी चंद्रभूषण सिंह ने बताया है कि राज्य निर्वाचन आयुक्त उप्र द्वारा नरेंद्र शंकर पांडेय विशेष सचिव उच्च शिक्षा विभाग उप्र शासन को जनपद आजमगढ़ के नगरीय निकाय चुनाव का प्रेक्षक बनाया गया है। जो 19 नवंबर की शाम तक जनपद मुख्यालय पहुंचेंगे।
आयोग द्वारा यह भी बताया गया है कि जनपद मुख्यालय पर प्रेक्षक पहुंच कर मतदान और मतगणना की समुचित तैयारियों के बारे में संबंधित अधिकारियों से समीक्षा करेेंगे। निर्वाचन क्षेत्र में भ्रमण करेंगे और मतदान संबंधी समस्त तैयारियों का सूक्ष्म निरीक्षण कर स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से मतदान की आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण कराएंगे। मतदान के दिन निर्वाचन क्षेत्र में व्यापक भ्रमण कर मतदान को शांतिपूर्ण, स्वतंत्र और निष्पक्ष ढंग से संपन्न होने का पर्यवेक्षण करेंगे। यदि कोई गम्भीर समस्या परिलक्षित होती है तो उसे आयोग के संज्ञान में तत्काल लाएंगें। मतदान समाप्त होने के बाद समस्त निर्वाचन सामग्री स्ट्रांग रूम में रखे जोने के बाद आयोग को सूचित करते हुए तैनाती जनपद मुख्यालय छोड़ेंगे। इसके साथ ही आयोग द्वारा यह भी बताया गया है कि जनपद में मतगणना के लिए 29 नवंबर को शाम तक मतगणना की तैयारियों की समीक्षा करेंगे और सकुशल मतगणना कराएंगे। मतगणना के दिन मतगणना स्थल पर उपस्थित रह कर मतगणना को आयोग के निर्देशानुसार पर्यवेक्षण करेंगे और मतगणना समाप्त होने के बाद आयोग को सूचित करते हुए जनपद मुख्यालय छोड़ेंगे।