आजमगढ़। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से स्कूल सेफ्टी पॉलिसी के तहत सोमवार को करतालपुर स्थित जीडी ग्लोबल स्कूल में आपदा विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला हुई। भूकंप, अग्नि, बाढ़ जैसी आपदाओं के दौरान सुरक्षित बाहर निकलने के सुगम उपाय और सरल तकनीकी को समझाया गया। उसे बच्चों को मॉकड्रिल के माध्यम से अभ्यास भी कराया गया।
कार्यशाला की शुरुआत में स्कूल प्रशासन की ओर से इमरजेंसी अलार्म बजाया गया। अलार्म बजते ही सभी बच्चे स्कूल के ग्राउंड में एकत्र हो गए। आपदा विशेषज्ञ डॉ. चंदन कुमार ने भूकंप के दौरान क्लास से निकलने के तरीके को बताया। भूकंप के तीन नियम ड्रॉप कवर होल्ड को प्रयोगात्मक विधि से विद्यार्थियों से करवाया गया। इससे फायदे भी बताए गए। बाढ़ को लेकर क्या करें क्या ना करें, पर विस्तृत जानकारी दी गई। प्लास्टिक के बोतल और नारियल की रस्सी से लाइफ जैकेट बनाने के बारे में बताया गया। अग्निशमन विभाग की ओर से आग लगने के कारण और उसके बचाव के तरीकों के बारे में जानकारी दी गई। घरेलू गैस सिलेंडर को प्रयोगात्मक विधि से बच्चों से बुझवाया गया। पंचायती राज विभाग की ओर से सफाई न करने से होने वाली बीमारियों के बारे में जानकारी दी गई। बताया गया कि सफाई रखना बहुत जरूरी है। प्रधानाचार्य विधान तिवारी ने आभार ज्ञापित किया। उप-प्रधानाचार्या मधु पाठक, सपना सिंह सहित विद्यालय के सभी शिक्षकगण उपस्थित रहे।