गोरिया बाजार। बिलरियागंज शिक्षा क्षेत्र के 24 विद्यालयों में अभी तक निशुल्क वितरित किए जाने वाले यूनिफॉर्म की प्रथम किस्त प्रबंध समितियों के खाते में नहीं पहुंची है। इनमे से 19 प्राथमिक और पांच उच्च प्राथमिक विद्यालय शामिल हैं। विद्यालयों को यूनिफार्म मुहैया कराने वाले दुकानदार अब विद्यालयों का चक्कर काट रहे हैं। परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले छात्रों को निशुल्क ड्रेस वितरण किया जाता है। बिलरियागंज शिक्षा क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय बगहीडांड़, बलिया कल्याणपुर, अमरौला, जमुआ हरिराम प्रथम, केशवपुर प्रथम, बनकट द्वितीय, अशरफपुर, गढ़वल, श्रीनगर, लाडो, बनकट प्रथम, तेजपुर, गोसडीपट्टी, फुलवारी, पटवध सुधाकर, पटवध कौतुक प्रथम, सेठारी, खालिसपुर और उच्च प्राथमिक विद्यालय मानपुर, पटवध कौतुक, तोफापुर बनरहिया, पांती खुर्द, श्रीनगर के विद्यालयों पर सत्र शुरू होने के नौ महीने बाद भी यूनिफॉर्म का पैसा विद्यालय प्रबंध समिति के खातों में नहीं पहुंचा है। जिसके कारण जिन दुकानदारों ने यूनिफार्म मुहैया कराया था उन्हें भुगतान नहीं किया जा सका। अब वह दुकानदार विद्यालयों का चक्कर काट रहे हैं। इन चौबीस विद्यालयों में कुल मिलाकर 2556 विद्यार्थी पढ़ते हैं। इस संबंध में बिलरियागंज खंड शिक्षा अधिकारी बंशीधर पांडेय ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को पत्र द्वारा सूचित किया है।