आजमगढ़। नगर पालिका क्षेत्र को 30 सितंबर तक पूरी तरह से ओडीएफ कर दिया जाएगा। यह दावा ईओ नगर पालिका वीरेंद्र कुमार श्रीवास्तव कर रहे है। उनका कहना है कि लक्ष्य के सापेक्ष नगर पालिका परिषद आजमगढ़ क्षेत्र में 80 प्रतिशत से अधिक का काम हो चुका है। जो बचा है वह किसी भी हाल में 30 सितंबर तक पूर्ण हो जाएगा। नगर पालिका परिषद आजमगढ़ को व्यक्तिगत शौचालय निर्माण के लिए मिशन निदेशक द्वारा 2557 शौचालय के निर्माण का लक्ष्य मिला था। निकाय स्तर पर प्राप्त आवेदन की संख्या 4915 थी, जिसमें 2139 आवेदन सत्यापित हुए और 2101 आवेदनों को स्वीकृत किया गया। पांच सितंबर तक 2041 पात्र लाभार्थियों के खाते में शौचालय निर्माण के मद में पहली किस्त उपलब्ध करा दी गई। वहीं 1306 लाभार्थियों को द्वितीय किस्त भी दे दी गई। पांच सितंबर तक 1311 शौचालय पूरी तरह से बन चुके थे और 554 शौचालय निर्माणाधीन थे। सामुदायिक शौचालय में 10-10 सीटर 20 शौचालय का निर्माण कराए जाने का लक्ष्य नपा आजमगढ़ प्रशासन को मिला था। सितंबर माह के शुरुआत तक 200 सामुदायिक शौचालयों के सापेक्ष मात्र 69 शौचालय पूर्ण थे। शेष निर्माणाधीन थे। इन्हें पूर्ण कराने के लिए ताकत झोंकी हुई है। नपा प्रशासन द्वारा अब तक 25 वार्डो में से 23 को ओडीएफ घोषित कर दिया गया है। शेष दो वार्ड भी 30 सितंबर तक ओडीएफ घोषित कर दिए जाने का दावा किया जा रहा है। नगर पालिका परिषद के ईओ वीरेंद्र कुमार श्रीवास्तव का कहना है कि वर्तमान में 20 सामुदायिक शौचालयों में 17 पूरी तरह से बन चुके है और शेष तीन जिसमें मडय़ा और दलालघाट के दो शौचालयों का काम युद्ध स्तर पर चल रहा है। व्यक्तिगत शौचालयों के 2000 के लक्ष्य के सापेक्ष आज की डेट में 1865 शौचालय का निर्माण पूर्ण है। अब जो व्यक्तिगत शौचालय नहीं पूरे हुए है, उनमें ज्यादातर में जमीन उपलब्ध न होने की समस्या है। इन्हें भी पूर्ण कराने का प्रयास किया जा रहा है। नरौली और फराशटोला वार्ड में ही कुछ समस्या है। अब तक शौचालय का निर्माण न कराने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के लिए तहरीर भी दे दी गई है।
नपा मुबारकपुर में लक्ष्य से अधिक बने शौचालय
आजमगढ़। जिले की दूसरी नगर पालिका परिषद मुबारकपुर पूरी तरह से ओडीएफ हो गई है। यह कहना है नपा मुबारकपुर के ईओ राजपति अभिचल द्वारा किया जा रहा है। ईओ का यह भी दावा है कि व्यक्ितगत और सामुदायिक शौचालय के निर्माण मु नपा प्रशासन लक्ष्य से अधिक शौचालयों का निर्माण कराया है। व्यक्तिगत शौचालय जहां पूर्ण हो चुके है वहीं सामुदायिक शौचालय का निर्माण कार्य भीाअंतिम दौर में चल रहा है। स्वच्छ भारत मिशन के तहत मिशन निदेशक द्वारा नगर पालिका परिषद मुबारकपुर को 1090 व्यक्तिगत शौचालय के निर्माण का लक्ष्य दिया गया है। इसके सापेक्ष नपा प्रशासन ने 1094 व्यक्तिगत शौचालयों का निर्माण कार्य पूर्ण करा दिया है। ईओ राजपति अभिचल का दावा है कि सामुदायिक शौचालय के निर्माण के तहत नपा को 103 सीट शौचालय का निर्माण कराना था। इसमें कुछ 10 सीटर, कुछ पांच सीटर और कुछ तीन सीटर शौचालय शामिल है। नपा प्रशासन ने इस लक्ष्य को भी लगभग पूरा कर लिया है। साठ प्रतिशत से अधिक काम पूरा हो चुका है और शेष काम भी 30 सितंबर तक पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि नपा के सभी वार्ड ओडीएफ घोषित हो चुके है। पूरे नपा क्षेत्र में खुले में शौच पर पूरी तरह से पाबंदी लग गई है। जिले में पूरी तरह ओडीएफ घोषित वाले निकायों में मुबाकरपुर नगर पालिका परिषद पहले स्थान पर है। नपा के सभी 25 वार्ड सितंबर माह के पहले सप्ताह में ही ओडीएफ घोषित हो चुके है।