अंबारी। फ़ूलपुर, पवई, अहरौला, मार्टीनगंज के बाजारों और साधन सहकारी समितियों पर यूरिया खाद की किल्लत हो गई है। जिसके कारण किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। क्योंकि धान में यूरिया से टॉप ड्रेसिंग करने का यही समय है। क्षेत्र के अंबारी, माहुल, फ़ूलपुर, दीदारगंज, पल्थी, पुष्पनगर, कुशलगांव, सिकरौर, पवई, अहरौला, मार्टीनगंज, मैंगना, गोधना आदि बाजारों एवं साधन सहकारी समितियों से यूरिया नदारद है। एक हफ्ते से यूरिया की किल्लत हो जाने धान, मक्का आदि फसलों में यूरिया डालने का यही समय है। यूरिया न मिल पाने से किसान इधर उधर भटक रहे हैं। क्षेत्र के किसान अनिल नारायण सिंह, सत्यप्रकाश यादव, विजयबहादुर, कृष्ण कुमार यादव, हाजी सफीक अहमद, जोखू शाह, महेंद्र पांडेय आदि ने तत्काल यूरिया उपलब्ध कराने की मांग की है। पवई एवं मार्टीनगंज विकास खंड के ए डीओ कोआपरेटिव प्रमोद कुमार सिंह का कहना है कि यूरिया की रैक शाहगंज न आने से यूरिया खाद की किल्लत हुई है। शीघ्र ही यूरिया की रैक आने वाली है तब यूरिया की किल्लत समाप्त हो जाएगी। वही एग्री क्लिनिक केशव प्रसाद यादव का किसानों के लिए सुझाव है कि यूरिया उपलब्ध न होने पर उसकी जगह रोगों के बचाव और फसल को हरा भरा रखने के लिए सल्फर और पोटाश का छिड़काव करें।