आजमगढ़। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंदुरी में पहुंचने का जो समय निर्धारित था उसे 22 मिनट की देरी से उनका उड़नखटोला मंदुरी हवाई पट्टी पर उतरा। उनके देर से आने के कारण राज्यपाल रामनाईक और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ पांडेय को संबोधन करने का मौका नहीं मिला। इस दौरान पीएम एक घंटा 32 मिनट तक जनपद में रहने के बाद वाराणसी के लिए रवाना हो गए। प्रोटोकाल के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दो बजकर 20 मिनट पर मंदुरी हवाई पट्टी पर पहुंचना था। लेकिन उनका हेलीकाप्टर दो बजकर 42 मिनट पर मंदुरी हवाई पट्टी पर उतरा। इसके बाद वह अगवानी करने वाले नेताओं से कुछ देर तक मिले इसके बाद सीधे मंच पर पहुंचे। जहां कृषि मंत्री सतीश महाना, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संबोधन किया और इसके बाद सीधे प्रधानमंत्री संबोधन करने के लिए बुलाए गए। समय की कमी के कारण मंच पर उपस्थित राज्यपाल रामनाईक और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ पांडेय को बोलने का मौका नहीं मिला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 35 मिनट तक जनता को संबोधित किया। इसके बाद जिले में एक घंटा 32 मिनट तक व्यतीत करने के बाद वाराणसी के लिए चार बजकर 14 मिनट पर रवाना हो गए।