आजमगढ़। मंदुरी हवाई पट्टी पर शनिवार को आयोजित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम में पार्टी के लोग जहां अपेक्षित भीड़ जुटाना चाह रहे थे। वहीं विरोधी साजिश के तहत सड़क जाम कर लोगों को रोकने की योजना बना रहे थे। इसकी भनक लगने के बाद प्रशासन सक्रिय हुआ और आजमगढ़ की तरफ आने वाले पड़ोसी जिलों की सीमा को सील कर दिया गया। सभी बड़े मालवाहक उधर ही रोक दिए गए। जिसका परिणाम सड़कों पर भारी वाहन नहीं पहुंचे और लोग आसानी से जनसभा स्थल पर पहुंच गए। गतिविधियों पर नजर रखने के लिए पुलिस के अधिकारियों के वाहन भी सड़कों पर दौड़ते रहे। सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव के गढ़ में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का शिलान्यास और जनसभा का आयोजन कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पूर्वांचल वालों का नब्ज टटोलना चाह रहे थे। शनिवार को आयोजित कार्यक्रम में उम्मीद से ज्यादा भीड़ उमड़कर यह साबित भी कर दिया। हालांकि इस कार्यक्रम से पूर्व अन्य विरोधी दल के लोग कार्यक्रम स्थल तक भीड़ पहुंचने में सड़क जाम कर बाधा पहुंचाने की साजिश रच रहे थे। इसकी भनक लगने पर शुक्रवार की शाम को पार्टी नेताओं ने चिंता जाहिर की। इसके बाद जिला प्रशासन ने आजमगढ़ में प्रवेश करने वाले जौनपुर, अंबेडकर नगर, मऊ, गोरखपुर, गाजीपुर आदि जिलों की सीमाओं को सील कर दिया। इधर से आने वाले सभी बड़े वाहनों के प्रवेश न होने पर शनिवार को सड़कें बिल्कुल खाली रहीं। जिसका परिणाम रहा कि लोग आसानी से जनसभा स्थल तक पहुंच गए। इसके अलावा स्वयं एसपीसिटी सुभाष चंद्र गंगवार, सीओ सदर मो. अकमल खां, सीओ लालगंज सच्चिदानंद आदि अधिकारी सड़कों पर भ्रमण करते हुए गतिविधियों पर नजर रख रहे थे।