जहानागंज। स्थानीय पुलिस चौकी चक्रपानपुर पर शुक्रवार को नवागत चौकी इंचार्ज अशोक कुमार पांडे ने सुरक्षा समिति के गठन के लिए ग्राम प्रधानों और बुद्धिजीवियों के साथ बैठक की। चौकी इंचार्ज ने ग्राम प्रधानों से कहा कि वह अपने गांव में संभ्रांत लोगों की एक टीम का गठन करें, जो महिलाओं के सम्मान और उसकी रक्षा के लिए अग्रसर रहे। सुरक्षा समिति लोगों को जागरूक करें कि महिलाओं का सम्मान हम सब की जिम्मेदारी है। अशोक कुमार पांडे ने कहा कि गांव में अधिकांश विवाद जमीन संबंधी होता है। उसका निराकरण आपस में मिलजुल कर लिया जाए। अड़चन आती है तो राजस्व टीम के साथ पुलिस भी सहयोग करेगी। सावन महीने में क्षेत्र के शिव मंदिरों पर लगने वाले मेले की जानकारी ली। प्रधान अलगू प्रजापति, संजय चौहान, पप्पू राजभर, राजेश सिंह, मोतीचंद, खुरमुल्ली राम, अनिल यादव, चंद्रशेखर राम, नरोत्तम यादव, सुभाष राम उपस्थित रहे।