आजमगढ़। बच्चों के अंदर छिपे हुए हुनर को निखार कर उन्हें मंच प्रदान करना ही हुनर समर कैंप का मुख्य उद्देश्य है। गर्मी की छुट्टी शुरू होते ही बच्चे ननिहाल या किसी हिल स्टेशन पर घूमने का मन बना लेते हैं। लेकिन बहुत से ऐसे बच्चे भी हैं जो कहीं नहीं जा पाते। उन बच्चों की छुट्टी का सही उपयोग समर कैंप है, जहां उन्हें अपनी प्रतिभा को निखारने का मौका मिलता है। ये बातें पूर्व पालिकाध्यक्ष इंदिरा देवी जायसवाल ने रविवार को प्रतिभा निकेतन स्कूल में शुरू हुए 20 दिवसीय हुनर समर कैंप के उद्घाटन अवसर पर कही।
हुनर संस्थान इस 20 दिवसीय कैंप के दौरान बच्चों के नृत्य, गीत, कला की प्रतिभा को मंच के माध्यम से निखारेगा। संस्थान सचिव सुनील दत्त विश्वकर्मा ने बताया कि कैंप में बच्चों को उनकी हावी के अनुरूप ट्रेनिंग दी जाएगी। प्रत्येक बच्चों की प्रतिभा को निखारने का प्रयास होगा। अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन कोच अजेंद्र राय ने कहा कि हर बच्चे के अंदर कोई न कोई प्रतिभा छिपी होती है, लेकिन आज की भाग-दौड़ और बस्ते के बोझ तले उनका टैलेंट दब जाता है। कैंप का उद्घाटन पूर्व पालिकाध्यक्ष इंदिरा देवी जायसवाल, विजय लक्ष्मी मिश्रा, सीताराम पांडेय ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। संस्था अध्यक्ष मनोज यादव, हेमंत श्रीवास्तव, गौरव मौर्या, राकेश कुमार ने अतिथियों का स्वागत किया।
उद्घाटन अवसर पर उमेश सिंह व पूनम सिंह को समाजसेवा, कौशल प्रजापति व ईशा को शिक्षा तथा राष्ट्रपति द्वारा नौसेना के जीवन रक्षा पदक के सम्मानित भालचंद पांडेय का संस्थान की तरफ से सम्मान किया गया। इस अवसर पर सत्यम शर्मा, कमलेश सोनकर, डॉ. शशिभूषण शर्मा, सावन प्रजापति, काजल सिंह, नेहा वर्मा, शशि सोनकर सहित काफी संख्या में लोग मौजूद रहे।