मेजवां। अधिवक्ता के साथ एसडीएम द्वारा दुर्व्यवहार किए जाने के मामले में मंगलवार को उस समय नया मोड़ आ गया जब तहसीलकर्मी एसडीएम के पक्ष में उतर गए। तहसील कर्मियों ने एसडीएम के पक्ष में पूरे तहसील परिसर में जुलूस निकाला और उनके स्थानांतरण का विरोध करने की चेतावनी दी।
अधिवक्ता फूलचंद यादव के साथ एसडीएम द्वारा दुर्व्यवहार किए जाने का आरोप लगाते हुए फूलपुर तहसील बार एसोसिएशन के अधिवक्ता कई दिनों से कार्यविरत हैं। उनके द्वारा एसडीएम के स्थानांतरण के लिए जुलूस निकालने के साथ ही धरना प्रदर्शन का क्रम जारी है। वहीं मंगलवार को उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ की उपशाखा फूलपुर सहित अमीन और मिनिस्ट्रीयल संघ ने तहसील सभागार में संयुक्त रूप से बैठक की। बैठक के बाद एसडीएम के समर्थन में तहसील कर्मियों द्वारा जुलूस निकाला गया। मंगलवार को बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं का प्रदर्शन अध्यक्ष लालचंद यादव के नेतृत्व में 14 वें दिन भी जारी रहा। तहसील कर्मियों के एसडीएम के पक्ष में उतरने से आक्रोशित अधिवक्ताओं ने भी तहसील परिसर में जुलूस निकाला। दोनों तरफ से पक्ष और विपक्ष में अलग अलग समय निकाले गए। बार संघ के अध्यक्ष लालचंद यादव द्वारा संघ की एकजुटता दिखाते हुए कहा कि अब यह लड़ाई आर पार की हो गई है। एक फरवरी को जिला बार संघ के साथ एक प्रतिनिधिमंडल मंडलायुक्त से मुलाक़ात कर एसडीएम के स्थानांतरण का दबाव बनाया जाएगा। जब तक एसडीएम यहां से हटेंगे नहीं तब तक सभी अधिवक्ता न्यायिक कार्य से विरत रहेंगे। वहीं लेखपाल संघ के अध्यक्ष शकील अहमद ने कहा कि यदि एसडीएम फूलपुर का जिलाधिकारी द्वारा स्थानांतरण किया गया तो ऐसी दशा में तहसील के समस्त अधिकारी और कर्मचारी संवैधानिक तरीके से इसका विरोध करेंगे। जबकि उक्त मामले में जिलाधिकारी पहले ही अधिवक्ताओं से मांग चुके हैं। लेकिन अधिवक्ता एसडीएम के स्थानांतरण की मांग को लेकर जिद पर अड़े हुए हैं।