आजमगढ़। सूबे की सरकार ने ठंड में परिषदीय स्कूल के बच्चों को जूते-मोजे के साथ ही स्वेटर बांटने की घोषणा की थी। लेकिन खरीद नीति को लेकर अभी भी परिषदीय स्कूल के बच्चे ठंड में ठिठुरने को मजबूर हैं। शासन की ओर से अब स्वेटर खरीद नीति में बदलाव किया गया है। अब विद्यालय प्रबंध समिति खरीद कर स्वेटर बांटेगी। बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से शुक्रवार तक सभी प्रबंध समिति के खाते में स्वेटर की रकम भेजने की बात कही जा रही है।
जनपद के 3250 प्राइमरी और जूनियर हाईस्कूलों में तीन लाख से ज्यादा विद्यार्थी शिक्षारत हैं। इसमें विद्यार्थियों के वितरण के लिए तीन लाख के आसपास जूते जनपद आ चुके हैं। इनका वितरण हो रहा है। स्वेटर वितरण के लिए पहले ई-टेंडरिंग की बात कही गई थी। कुछ दिन वेबसाइट बंद रही। कुछ दिन तक किसी और कारण से कार्य लटका रहा। अब देरी के देखते हुए शासन की ओर से स्वेटर खरीद की नीति में परिवर्तन कर दिया गया है। शासन से मिले नये निर्देशों के अनुसार अब विद्यालय प्रबंध समिति ही स्वेटर की खरीद करेगी और इसे बांटेगी। स्वेटर वितरण का कार्य भी अब ड्रेस वितरण की तरह होगा। इसके लिए बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से विद्यालय प्रबंध समिति के खाते में स्वेटर के लिए आया धन शुक्रवार तक भेजने की बात कही जा रही है।
खरीद को लेकर स्वेटर वितरण का कार्य अभी तक रुका हुआ था। अब शासन की ओर से खरीद नीति बदल दी गई है। अब विद्यालय प्रबंध सिमित खरीद कर स्वेटर बांटेगी। शुक्रवार तक सभी प्रबंध समिति के खाते में स्वेटर की रकम भेज दी जाएगी। जल्द ही बच्चों में स्वेटर का वितरण होगा।
डॉ. वीके शर्मा, प्रभारी बीएसए