आजमगढ़। जांच के नाम पर प्रधानों के उत्पीड़न के विरोध में सोमवार को प्रधानों ने जगह-जगह बैठक कर आंदोलन की रणनीति बनाई। अजमतगढ़ ब्लाक परिसर में प्रधानों ने उत्पीड़न के विरोध में प्रदर्शन किया और शासन-प्रशासन विरोध जमकर नारेबाजी की।
सगड़ी संवाददाता के अनुसार अजमतगढ़ ब्लॉक के सभागार में सोमवार को प्रधान संघ अजमतगढ़ की बैठक हुई। जिसमें जांच के नाम पर प्रधानों को परेशान करने और उत्पीड़न की निंदा की गई। अखिल भारतीय प्रधान संघ के जिला सचिव नीरज राय ने कहा कि पूरे जिले में प्रधानों का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिला प्रभारी प्रधानसंघ लौहर यादव ने कहा कि पूरे जिले के 1875 प्रधान संगठित होकर लड़ाई लड़े तो हम जिला ही नहीं सरकार की ईंट बजा सकते है। उन्होंने सभी से 14 सितंबर को डा. अंबेडकर पार्क में होने वाले कार्यक्रम में पहुंच इसे सफल बनाने का आह्वान किया। संचालन हरिकेश विश्वकर्मा और अध्यक्षता रामानंद यादव ने किया। मुकेश राय, श्रीनाथ यादव, अवध राज, ओमप्रकाश यादव, सुनील, दलसिंगार यादव, राम सरीख यादव आदि मौजूद रहे।
लालगंज संवाददाता के अनुसार प्रधान संघ लालगंज इकाई की बैठक सिंचाई विभाग के निरीक्षण भवन में सर्वेश राय की अध्यक्षता में हुई। बैठक में प्रधानों के शोषण पर प्रधानों ने रोष प्रकट किया। सर्वेश राय ने कहा कि अधिकारी जिस तरह से पूर्व प्रधान व वर्तमान प्रधान पर जांच का दबाव बनाकर शोषण कर मुकदमा पंजीकृत करा रहे हैं, इसे तत्काल बंद किया जाए। इस मौके पर रमेश यादव, संजय यादव, सलीम, अवधेश, कैलाश यादव, शंकर यादव, संजय राय आदि उपस्थित रहे ।