आजमगढ़। भारतीय जनता पार्टी आजमगढ़ के पूर्व जिलाध्यक्ष हरेंद्र सिंह ने कहा है कि दि किसान सहकारी चीनी मिल सठियांव के नये अधिकारी भ्रष्टाचार के मामले में निलंबित किए गए पूर्व अधिकारी एसएस पोरस की राह पर ही चल रहे हैं ।
विगत फरवरी 2016 में तत्कालीन जिलाधिकारी श्री सुहास एलवाई ने अपर जिलाधिकारी वित्त/राजस्व श्री बृजेश कुमार द्वारा कुछ मामलों की जांच कराकर प्रमुख सचिव गन्ना विकास एवं चीनी मिल को पत्र लिखकर कार्यवाही की आवश्यकता जताई थी। उक्त रिपोर्ट के आधार पर तत्कालीन जीएम सठियांव मिल श्री एसएस पोरस को निलम्बित किया गया। पोरस के जाने के बाद नये अधिकारी भी उसी राह पर चलते नजर आ रहे हैं।
हरेंद्र सिंह ने चीनी मिल सठियांव के प्रधान प्रबंधक से मिलकर भ्रष्टाचार के विरुद्ध कार्यवाही की मांग की और प्रबंध निदेशक द्वारा मांगी गयी जानकारी को समय से भेजने के संबंध में वार्ता की। बस्ती जनपद के विधायक श्री अजय सिंह और मेरे द्वारा भी गन्ना मंत्री से पत्र लिखकर मेर्सस मोहन ट्रेडिंग कारपोरेशन द्वारा निर्माण में की गयी अनियमितताओं के विरूद्ध कार्यवाही की मांग की गयी थी। परन्तु चीनी मिल प्रशासन कार्यवाही करने में हीला हवाली कर रहा है। उन्होंने कहा कि मैं इस विषय को मुख्यमंत्री जी के संज्ञान में लाने का प्रयास करुंगा, ताकि भ्रष्टाचार पर लगाम लग सके।