आजमगढ़। नवागत मण्डलायुक्त के रवींद्र नायक ने गुरुवार को अपने कार्यालय कक्ष में सेंट्रल बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों और अधिवक्ताओं से वार्ता की। उन्होंने कहा कि शुक्रवार से पूर्व निर्धारित दिवसों में आयुक्त न्यायालय में नियमित रूप से न्यायिक कार्य संपादित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि हमारा यह प्रयास है कि वादों के निस्तारण में तेजी लाकर वादकारियों को अनावश्यक भाग दौड़ से बचाया जाए। मंडलायुक्त ने कहा कि प्राय: मुकदमों के जल्द निस्तारण के लिए वादकारी उच्च न्यायालय जाते हैं। हमारा प्रयास रहेगा कि मुकदमों का निस्तारण जल्द कर दिया जाए ताकि किसी को उच्च न्यायालय जाने की जरूरत न पड़े। उन्होंने कहा कि आप लोगों के सहयोग से उच्च न्यायालय के प्रकरणों को समय सीमा के अंदर प्राथमिकता के अधार पर निस्तारित किया जाएगा। इसके पूर्व सेंट्रल बार एसोसियेषन के अध्यक्ष प्यारे मोहन श्रीवास्तव एडवोकेट ने कहा कि यहां कि अधिवक्ता न्यायिक कार्यो के प्रति काफी समर्पित है। उन्होंने मंडलायुक्त से कहा कि न्यायिक कार्यो के संपादन में पूर्व की भांति बार की ओर से हर संभव सहयोग मिलता रहेगा। इस अवसर पर अपर आयुक्त (प्रशासन) राजेंद्र कुमार, मुख्य विकास अधिकारी मऊ आशुतोष कुमार द्विवेदी, सेंट्रल बार एसोसिएशन के मंत्री नरेंद्र सिंह, उपाध्यक्ष त्रिभुवननाथ तिवारी, सहमंत्री आशीष कुमार अस्थाना, वरिष्ठ अधिवक्ता वेद प्रकाश राय, राजाराम यादव, विजय प्रताप सिंह, राजदेव सिंह, अभिषेक कुमार यादव, एपी सिंह, सूर्यनाथ सिंह, शत्रुधन सिंह आदि अधिवक्ता मौजूद रहे।