मुबारकपुर। शनिवार की दोपहर को हुई झमाझम बारिश ने लोगों को उमस एवं गर्मी से राहत पहुंचाई। हालांकि नगरपालिका की लापरवाही से लोगों के लिए बारिश मुसीबत का भी सबब साबित हुई। दरअसल नालियों की सफाई नाली न कराए जाने की वजह से बारिश के कारण नगरपालिका कार्यालय गेट सहित नगर के अन्य मुहल्लों में जगह-जगह जलभराव हो गया और नाली की गंदगी सड़कों पर तैरने लगी।
लंबे इंतजार के बाद शनिवार की दोपहर मुबारकपुर कस्बे में बदरा मेहरबान हुए, जिससे गर्मी और उमस से राहत मिली। लेकिन बारिश का आनंद लेने का मन लोगों का धरा ही धरा रह गया। हर ओर पानी भर गया और नालियां ओवरफ्लो करने लगी। ऐसे में लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। नगरपालिका के गेट पर ही लगभग एक फुट पानी जमा हो गया। यहीं दशा कस्बे के बड़ी अर्जेंटी, अलीनगर चौराहा, पूरा सोफी, हैदराबाद, पूरा रानी, शाहमोहम्मदपुर, पूरा दुल्हन आदि मोहल्लों में नाले व नालियों का कचरा सहित गंदा पानी घटों सड़क पर बहता रहा। क्षेत्र के लोगों का कहना था कि बारिश से पहले नगरपालिका प्रशासन नालों की सफाई कराने का खूब दावा कर रहा था। लेकिन पहली बारिश ने नगरपालिका प्रशासन के दावे की पोल खोल दी। उधर इस संबंध में नगर पालिका अधिशासी अधिकारी कृष्ण मुरारी ने बताया कि बारिश में जलनिकासी की समस्या से निपटने के लिए पहले से ही तैयारी की जा चुकी थी। लेकिन नालियों तथा नालों पर लगी पटियों पर खोले गए सुराग बंद हो जाने के चलते बारिश के बाद गंदा पानी सड़कों पर जमा हो गया था। हालांकि बारिश बंद होने के बाद सड़कों से पानी हट गया।
सड़क कीचड़ से सनी, पैदल चलना हुआ दुश्वार
सगड़ी । हल्की सी बारिश के बाद नगर पंचायत बिलरियागंज में चौड़ीकरण के लिए खोदकर छोड़ी गई सड़क कीचड़ से सन गई है। वहीं जगह-जगह गड्ढों में पानी भर जाने से लोगों को पैदल भी चलने में परेशानी हुई।
बता दें कि नगर पंचायत बिलरियागंज में सड़क चौड़ीकरण के नाम पर कई माह से खोदकर छोड़ दी गई है। कहीं कहीं गिट्टी डालकर छोड़ दी गई है। शनिवार को हुई बारिश के बाद सड़क पूरी तरह से कीचड़ से सन गई। जिसके कारण पैदल चलना भी मुश्किल हो गया। सड़क कीचड़ से सन जाने के कारण बाइक, साइकिल सवार सहित पैदल चलने वाले फिसलकर गिर जा रहे थे। वहीं वाहनों के आने-जाने से गंदा पानी लोगों के ऊपर छिटक जा रहा था। जिससे लोगों में कहासुनी हो जा रही है। बाजार के सुभाष, शेषनाथ यादव, मनोज यादव, डा. आरके शर्मा, डा. विजय सिंह, प्रमोद, सुनील ने बताया कि सड़क का निर्माण शुरू कराने के लिए कई बार उच्चाधिकारियों से शिकायत की गई। लेकिन मात्र आश्वासन के अलावा कुछ नहीं मिला। लोगों का कहना है कि बारिश के बाद इस सड़क पर चलना नारकीय हो गया है। लोगों ने संबंधित विभाग के अधिकारियों का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराते हुए सड़क का जल्द से जल्द निर्माण शुरू कराने की मांग की है।