आजमगढ़। मरीजों को अस्पताल लाने व ले जाने के लिए नि:शुल्क 102-108 एंबुलेंस के पहिये कभी भी थम सकते हैं। दुर्व्यवस्था व बकाया वेतन को लेकर एंबुलेंस चालक व कर्मी आक्रोशित हैं। ब्लाकवार बैठक कर आंदोलन की रणनीति तय की जा रही है।
एंबुलेंस कर्मचारी संघ की बैठक रविवार को पल्हना में हुई जिसमें मेंहनगर, मेंहनाजपुर, तरवां, पल्हना व लालगंज स्थित अस्पतालों पर तैनात एंबुलेंस के पायलट व ईएमटी ने प्रतिभाग किया। संगठन के प्रदेश महामंत्री बृजेश कुमार ने कहा कि दो माह से एंबुलेंस कर्मियों का वेतन भुगतान नहीं हो रहा है। जिसके चलते पायलट व ईएमटी के समक्ष भुखमरी की समस्या खड़ी हो गई है। जिलाध्यक्ष राजीव कुमार शर्मा ने कहा कि जो नये एंबुलेंस आए हैं, उसमें ब्लोवर की सुविधा नहीं है। ठंड में पायलट व ईएमटी को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। इतना ही नहीं एंबुलेंस में फॉग लाइट भी नहीं लगी है। घने कोहरे में हमेशा ही हादसे की आशंका रहती है। उपाध्यक्ष सूर्यव्रत यादव ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की यह जीवनदायिनी सुविधा दुर्व्यवस्था का शिकार हो कर रह गई है। जल्द व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो हम एंबुलेंस का संचालन ठप कर देंगे। बैठक में इन मुद्दों पर आंदोलन की रणनीति भी तय की गई। इस अवसर पर अतुल राय, पंकज कुुमार यादव समेत काफी संख्या में एंबुलेंस चालक व कर्मी मौजूद रहे।