मेजवां। फूलपुर स्थित खुरासन रोड स्टेशन पर यूनीनेक मशीन से रेलवे ट्रैक के किनारे गिट्टी पैकिंग का कार्य चल रहा है। शनिवार को स्टेशन के पास गिट्टी पैकिंग के दौरान 58-सी मुख्य रेल फाटक को लगभग दो घंटे तक बंद रहने के कारण उधर से गुजरने वाले छोटे बड़े सभी वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। दो घंटे तक फाटक खुलने का इन्तेजार करना पड़ा। वाहनों के अधिक देर तक खड़ा रहने से अफरातफरी का माहौल बना रहा। फाटक के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गई। इसके चलते वाहन चालको में रेलवे के प्रति काफी रोष दिखा। मशीन द्वारा गिट्टी पैकिंग के बाद फाटक लगभग 1.40 बजे खुला। खुरासो मोड़ पर जाम की स्थित अधिक रहने से लखनऊ-बलिया मार्ग पर भी जाम लगा रहा। सुरक्षा की दृष्टि से गेट पर आरपीएफ और स्थानीय पुलिस की तैनाती की गई थी। स्टेशन अधीक्षक उमेश कुमार ने बताया कि रेलवे के निर्देश पर 11:50 बजे लेकर 1:35 बजे तक 58 सी फाटक को बंद किया गया था।