मुबारकपुर। पीलिया से रविवार को एक और मौत हो गई। कस्बा के भगतपुर अमिलो निवासी अधेड़ की मौत से पूरे कस्बे में हड़कंप मच गया है। वहीं पीलिया से हुई पांचवीं मौत ने कस्बा वासियों को हिला कर रख दिया है।
11 जनवरी ने मुबारकपुर नगर पालिका क्षेत्र में पीलिया का प्रकोप फैला हुआ है। नपा प्रशासन व स्वास्थ्य महकमा भले ही पीलिया के कंट्रोल का दावा कर रहा है लेकिन वास्तव में पीलिया अब तक कम होने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार को पीलिया से पांचवीं मौत भी हो गई। कस्बा के भगतपुर अमिलो निवासी 47 वर्षीय ज्ञानचंद पुत्र पतिराज एक सप्ताह से पीलिया से पीड़ित था। शुरू में परिजन उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराए थे। जहां कुछ फायदा न होने पर विभिन्न प्राइवेट अस्पतालों में उसे दिखाया गया। वर्तमान में उसका इलाज मुबारकपुर कस्बा स्थित एक प्राइवेट अस्पताल से चल रहा था। ज्ञानचंद अस्पताल पर भर्ती नहीं था बल्कि घर पर ही था। रविवार की शाम ज्ञानचंद की अचानक हालत बिगड़ी और जब तक परिजन उसे अस्पताल ले जाते तब तक उसने घर पर ही दम तोड़ दिया। पीलिया से एक और व्यक्ति की मौत से पूरे कस्बे में हड़कंप मच गया है। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
--
अभी हमारे संज्ञान में नहीं है, पता किया जा रहा है। फिलहाल यह नहीं कहा जा सकता कि जिसकी मौत हुई है वह पीलिया से ही हुई हो। हो सकता है कि वह पहले से किसी बीमारी से ग्रसित हो और बाद में पीलिया हुआ हो। जांच-पड़ताल के बाद ही मौत का स्पष्ट कारण बताया जा सकेगा।
डॉ. संजय, डिप्टी सीएमओ, आजमगढ़।