मेजवां। भारतीय डाक विभाग की ओर से गुरुवार को फूलपुर डाकघर परिसर में प्रवर अधीक्षक योगेंद्र मौर्य की अध्यक्षता में ग्रामीण डाक सेवकों की समीक्षा बैठक हुई। टारगेट पूरा न होने पर शाखा डाकपालों को प्रवर डाक अधीक्षक ने कड़ी फटकार लगाई और चेतावनी दी कि वित्तीय वर्ष में यदि टारगेट पूरा नहीं किया गया तो संबंधित के साथ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में फूलपुर, सरायमीर और निजामाबाद सब आफिस से जुड़े सभी शाखा डाकपालों की क्रमवार क्लास ली। अनुपस्थिति रहने वाले शाखा डाकपालों के खिलाफ कार्रवाई के लिए डाक निरीक्षक विनोद कुमार सोनकर से सूची प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। कहा कि हर हालत में टारगेट पूरा करना है। अच्छे कार्य करने वाले ग्रामीण डाक सेवकों को जिला मुख्यालय पर पुरस्कृत किया जाएगा। शाखा डाकपाल अपने डाकघरों में एसबी, आरडी, टीडी, सुकन्या का खाता और ग्रामीण डाक जीवन बीमा का कार्य अधिक से अधिक करें। अब सुकन्न्या खाता 250 रुपये से खोल सकते हैं। भारतीय डाक विभाग का बहुत बड़ा नेटवर्क है, 50 लाख तक का बीमा आयकर से मुक्त किया गया है। इंडिया पोस्ट बैंक सीनियर मैनेजर आशीष कुमार गुप्ता ने कहा कि अब पोस्ट आफिस पूरी तरह से पोस्ट बैंक हो गया है। सिर्फ आधार कार्ड से आसान तरीके से खाता खोला जा सकता है। डाक सर्वेक्षक योगेश रावत, शंतराज यादव, अशोक कुमार पांडेय, दीपक राय, सेवा लाल बिन्द, प्रवीण मौर्य, रामसरन मौर्य, रामप्रकाश, अशोक सिंह आदि , ओमप्रकाश थे।