आजमगढ़। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ रामजनम गुट की बैठक गुरुवार को मुकेरीगंज स्थित कार्यालय पर हुई। जिसमें मानव संपदा प्रपत्र की फीडिंग के नाम पर की जा रही धन उगाही पर आक्रोश जताया गया। बैठक में इस मुद्दे पर 3 जनवरी से डीआईओएस कार्यालय पर धरना प्रदर्शन की रणनीति भी तय हुई। जिलाध्यक्ष दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि मानव संपदा प्रपत्र फीडिंग के नाम पर डीआईओएस कार्यालय द्वारा प्रति शिक्षक पांच सौ रुपये की अवैध वसूली की जा रही है। कंप्यूटर फीडिंग का काम कार्यालय के बाबुओं को करना है लेकिन विभागीय बाबू उसे प्राइवेट सेंटरों पर करा रहे है जहां यह वसूली हो रही है। जिला मंत्री पंकज कुमार सिंह ने कहा कि अप्रैल 2005 के बाद नियुक्त शिक्षकों/कर्मचारियों के वेतन से नवीन पेंशन योजना की कटौती की जा रही है, लेकिन कटौती की धनराशि संबंधित शिक्षकों/कर्मचारियों के प्रान खातों में नहीं भेजी जा रही है। उन्होंने कहा कि पुरानी पेंशन बहाली तक संगठन आंदोलन करता रहेगा। बैठक में सेवानिवृत्त होने के बाद भी सेवा दे रहे शिक्षकों को अब तक मानदेय का भुगतान न किए जाने पर भी आक्रोश जताया गया। इस अवसर पर अबरार अहमद, शेर बहादुर सिंह, वीरेंद्र सिंह, श्याम नरायन, श्रवण, इंद्रजीत, राजाराम, कोमल, राजेश, जीत बहादुर, जनार्दन, फरगाम, एमसी ब्राडवे, मो. रजा, फरहान आदि मौजूद रहे।