सगड़ी। तहसील क्षेत्र के अजमतगढ़ विकास खंड के संवरूपुर ग्राम पंचायत स्थित प्राथमिक विद्यालय परिसर में सोमवार को विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव चंद्रशेखर यादव और जिला जज अवधेश कुमार सिंह यादव ने लोगों को विविध जानकारियां दी।
सचिव चंद्रशेखर यादव ने कहा कि पूरे देश में विधिक सेवा प्राधिकरण 10 वकीलों का पैनल निशुल्क वादों के निपटारे के लिए बनाया गया है। जिसमें हीनियस क्राइम को छोड़कर सभी मामले को निशुल्क निपटाया जा सकता है। यही नहीं यदि कोई व्यक्ति पत्र लिखकर विधिक सेवा प्राधिकरण दीवानी न्यायालय को भेज दे तो भी उसके पत्र पर सुनवाई की जाती है। प्राधिकरण का एक प्रयास है कि सभी वादों को एक स्थान पर एक समय में निपटाया जा सके। हम गांव देहातों में लोगों को विधिक सेवा की जानकारी के लिए शिविर लगाते हैं जिससे लोग सरकार द्वारा दिए गए अधिकारों को विस्तृत रूप से जानकारी दी जा सके और लोग अधिकारों के प्रति जागरूक हो सके। जिला जज अवधेश कुमार सिंह यादव ने कहा कि विधिक सेवा जागरूकता शिविर सरकार का महत्वपूर्ण कदम है जो दूरदराज इलाकों में लोगों की जानकारी के लिए लगाया जा रहा है जिससे लोग अपने अधिकारों के प्रति सजग और संवेदनशील हो सके और वादों को निपटा सकें। मुकदमा लडना कोई बेहतर विकल्प नहीं है हो सके तो लोग आपसी भाईचारे और समझ से मुकदमे को निपटाएं। बहुत जरूरी हो तभी मुकदमा दर्ज कराएं अन्यथा आपसी समझ से ही मामले को सुलझा लें। संचालन महेंद्र कुमार यादव एडवोकेट ने किया। इस मौके पर महेश यादव, सदावृक्ष पांडेय, रमेश, दुर्गा प्रसाद यादव, संतोष यादव, रामदेव यादव, रामवृक्ष यादव, मनोज कुमार, उर्मिला देवी, चंद्रशीला यादव, मनीष कुमार, योगेंद्र सिंह आदि उपस्थित थे।