आजमगढ़। 17 सूत्रीय मांगों को लेकर रिक्शा स्टैंड पर आंगनबाड़ी कर्मचारी एवं सहायिका एसोसिएशन का चल रहा धरना बुधवार को 17वें दिन भी जारी रहा। जिलाध्यक्ष सीमा यादव ने कहा कि जब तक मांग पूरी नहीं हो जाती आंदोलन जारी रहेगा।
सीमा यादव ने दस अक्तूबर को लखनऊ के जीपीओ पार्क में होने वाले धरने में अधिक से अधिक संख्या में पहुंच इसे सफल बनाने का आह्वान किया। जिला संरक्षक संजीवन कुमार गौतम व जिला महामंत्री लक्ष्मी सिंह ने कहा कि अपने हक के लिए हमें जहां भी जाना पड़ेगा वहां जाएंगे। धरने में रीता यादव, प्रिया, संगीता, वंदना पाठक, ममता निगम, लक्ष्मी गोंड, कंचन राय, शशिकला, सुनीता सिंह, सरोज पाल, सर्वेश यादवए, कंचन यादव, बीना, शकुंतला, सरोज उपाध्याय, किरन आदि मौजूद रही।
रिक्शा स्टैंड पर धरना देने वाला संगठन फर्जी
आजमगढ़। महिला आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ की जिलाध्यक्ष सुमित्रा सिंह ने बुधवार को जिलाधिकारी को पत्र सौंप रिक्शा स्टैंड पर धरना देने वाले आंगनबाड़ी कर्मचारी एवं सहायिका एसोसिएशन को फर्जी बताया। आरोप लगाया कि उक्त संगठन जिले में कार्यकत्रियों को गुमराह कर रहा है। न तो इस संगठन का रजिस्ट्रेशन है न तो सरकार को कोई नोटिस दी गई है। उन्होंने कहा कि इनके द्वारा परियोजनाओं में घुम-घुमकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को पोषाहार परियोजना कार्यालय से न ले जाने की धमकी दे रही हैं। तथा सरकारी कार्य में बाधा डाल रही हैं। उन्होंने जिलाधिकारी से मामले की जांच कराकर उक्त संगठन के पदाधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।