अहरौला। ब्लाक क्षेत्र के भुजबल स्थित प्राथमिक स्कूल और शिवमंदिर के पास शराब के ठेके और भांग की दूकान को हटवाने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने सीएम के पोर्टल पर शिकायत की है। साथ ही मंडलायुक्त और जिलाधिकारी को भी पत्र भेजा है।
बता दें कि बस्ती भुजबल में प्राथमिक स्कूल व शिवमंदिर से चंद मीटर की दूरी पर शराब के दो ठेके और भांग की दूकान है। इसे वहां से हटवाने की मांग को लेकर गत दिनों लक्ष्मी चौबे, शिवमंदिर के पूजारी ज्ञानदास के साथ ही स्कूल के शिक्षक और ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया था। बूढ़नपुर तहसील प्रशासन ने ग्रामीणों को वहां से शराब और भांग का ठेका हटवाने का आश्वासन दिया था। लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। इससे ग्रामीणों में गुस्सा है। लक्ष्मी चौबे ने बताया कि बूढ़नपुर तहसील प्रशासन द्वारा कोई कार्यवाही न किए जाने पर हम लोगों ने मंडलायुक्त, जिलाधिकारी को शिकायती पत्र भेजा है। साथ ही प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई गई है। उन्होंने कहा कि इसके बाद भी कोई कार्रवाई नहीं होती है तो हम लोग आंदोलन को बाध्य होंगे।