सिधारी थाना पुलिस द्वारा दो साल पूर्व पकड़े गए अवैैध शराब में वांछित 10 हजार के ईनामियां अवैध शराब कारोबारी को पुलिस ने शाहगढ़ बाजार के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से तमंचा-कारतूस के साथ ही मिलावटी शराब बरामद किया है। सिधारी पुलिस बैठौली तिराहे पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि वांछित अभियुक्त अफरोज पुत्र अहमद शाहगढ़ बाजार के आगे तमंचा व दो गैलन में अवैध शराब को कहीं ठिकाने लगाने की फिराक में खड़ा है। मिली सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो वांछित अफरोज पुलिस को देख कर भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे अवैध शराब के साथ ही तमंचा व कारतूस के अलावा 200 ग्राम यूरिया व 100 ग्राम नौसादर बरामद हुआ है। सिधारी थाना पुलिस ने छह जुलाई 2019 को भारी मात्रा में अवैध शराब पकड़ा था। इसके साथ ही पुलिस ने दो स्कार्पियों व लगभग डेढ़ लाख रुपये भी बरामद किया था। मामले में दस अभियुक्त नामजद किए गए थे। जिसमें नौ को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया लेकिन एक अभियुक्त अफरोज पुत्र अहमद निवासी गजियापुर थाना मधुबन जिला मऊ फरार चल रहा था। मामले में नामजद आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर एसपी ने 10 हजार का ईनाम भी घोषित किया था।