परिषदीय स्कूलों की काया पलट करने के लिए शुरू किए गए ऑपरेशन कायाकल्प से अब गांवों की नई सरकार को जोड़ा जाएगा। स्कूल महानिदेशक एवं राज्य परियोजना की तरफ से प्रधानों को ऑपरेशन कायाकल्प का प्रशिक्षण कराया जाएगा। स्कूलों के चहुंमुखी विकास से प्रधान अवगत होंगे। आदेश आने के बाद बीएसए द्वारा प्रशिक्षण के लिए सभी बीईओ को निर्देश दिए जा रहे हैं। बेसिक शिक्षा विभाग के प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक स्कूलों के भवनों को सुधारने और स्कूलों की अन्य मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त करने के लिए ऑपरेशन कायाकल्प से निखारा गया है। पंचायत राज विभाग को शासन से जो निधि मिलती है, इसका प्रयोग स्कूलों पर किया जाता है। मगर अब जिले की 1858 गांवों में नए प्रधान बने हैं, तो इन्हें ऑपरेशन कायाकल्प से जोड़ने के लिए विभाग में तैयारियां शुरू हो गई हैं। महानिदेशक स्कूल एवं राज्य परियोजना निदेशक ने प्रधानों को इसका प्रशिक्षण कराने के आदेश दिए हैं। बताया गया कि ऑपरेशन कायाकल्प में किस तरह कार्य होंगे और राशि का उपयोग कैसे करना इसका प्रधानों को पूरा प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके अलावा स्कूलों में किस प्रकार से प्रधानों का सहयोग रहता है, इसके बारे में भी नव निर्वाचित प्रधानों को विस्तार से बताया जाएगा। बीएसए अंबरीष कुमार ने बताया कि आदेश आ गए हैं और सभी बीईओ को आदेश जारी कर प्रधानों का प्रशिक्षण जल्द शुरू करा दिया जाएगा। ताकि स्कूलों में कायाकल्प योजना के तहत विकास हो सके।