आजमगढ़। नगर क्षेत्र के 10 जगहों को सोलर लाइट से रोशन करने की तैयारी में एडीए जुटा हुआ है। लगभग 12 लाख रुपये की लागत से 10 जगहों पर सोलर हाईमास्ट लाइट लगाई जाएगी। इसके लिए एडीए की ओर से फाउंडेशन के निर्माण का कार्य भी शुरू कर दिया गया है। चार जगहों पर फाउंडेशन भी तैयार हो गया है। शेष जगहों पर एक हफ्ते के अंदर फाउंडेशन तैयार हो जाएगा।
नगर क्षेत्र और इससे सटे कई इलाके ऐसे हैं जो महत्वपूर्ण होने के बाद भी रात के समय अंधेरे में डूबे रहते हैं। इसे देखते हुए एडीए ने नगर क्षेत्र और इससे सटे इन महत्वपूर्ण स्थलों पर सोलर हाई मास्ट लाइट लगवाने का निर्णय लिया है। सोलर लाइट लगाने का मुख्य उद्देश्य बिजली की खपत को कम करना है। इसके लिए विभाग की ओर से 10 स्थलों का चयन कर लिया गया है। लगभग 12 लाख रुपये की लागत से इन सोलर हाईमास्ट लाइट को लगाया जाना है। इसके लिए यूपी नेडा को जिम्मेदारी सौंपी गई है। नेडा की ओर से एक कंपनी को ठेका देकर सोलर हाईमास्ट लाइट को लगाने के लिए फाउंडेशन बनाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। अब तक कंपनी ने चार स्थानों पर फाउंडेशन का निर्माण भी पूरा कर लिया गया है। इनके रख-रखाव की जिम्मेदारी नेडा की होगी। अगर कुछ गड़बड़ी होती है तो उसकी मरम्मत का कार्य नेडा की ओर से कराया जाएगा। एडीए की मानें तो एक सप्ताह के अंदर सारे फाउंडेशन बनकर तैयार हो जाएंगे। इसके बाद लाइटों का लगाने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
इन स्थलों पर लगेंगी सोलर हाई मास्ट लाइटें:
- बड़ा गणेश मंदिर के सामने, कांशी राम आवास कोढ़िया बस्ती, मंडलायुक्त आवास कोटवा, विश्वकर्मा तिराहा सर्फुद्दीनपुर, गिरजाघर चौराहा दिवानी, करतालपुर तिराहा, बवाली मोड़ चौराहा, भंवरनाथ मंदिर, रेलवे स्टेशन तिराहा, टेढ़िया मस्जिद।
जल्द शुरू होगा स्वागत द्वार का निर्माण
एडीए सचिव ने बताया कि जनपद में प्रवेश करने वाले हर रास्ते पर एडीए को स्वागत द्वारा बनाने का निर्देश डीएम द्वारा दिया गया है। जल्द ही इस कार्य को भी शुरू कर दिया जाएगा। इसके तहत आजमगढ़ से होकर वाराणसी, गोरखपुर, फैजाबाद, मऊ, गाजीपुर जनपदों को जाने वाले मार्गों पर इसे लगाया जाएगा।