आजमगढ़। लखनऊ से चलकर गाजीपुर तक जाने वाले पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का लोकार्पण हुए लगभग 10 माह का समय बीत गया लेकिन अभी तक इस यात्री सुविधाओं का विस्तार नहीं हो सका। किशुनदासपुर में पेट्रोल पंप का निर्माण हो चुका है लेकिन अभी तक यहां से ईंधन की आपूर्ति नहीं हो पा रही है। वहीं एक्सप्रेस-वे पर मोटलनुमा प्लाजा के होने वाले निर्माण के लिए अभी तक टेंडर की प्रक्रिया भी शुरू नहीं हुई है। सीएम योगी आदित्यनाथ के ड्रीम प्रोजेक्ट पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का निर्माण पूरा होने के बाद इस पर वाहनों का आवागमन भी शुरू हो गया लेकिन अभी कार्यदायी संस्था द्वारा यूपीडा द्वारा इस पर यात्री सुविधाओं का विस्तार नहीं हो सका है। लखनऊ से चलकर गाजीपुर तक जाने वाले 341 किमी लंबे इस पूर्वांचल एक्सप्रेस वे का निर्माण सरकार के निर्देश पर काफी तीव्र गति से हुआ। 16 नवंबर 2021 को सुल्तानपुर में पीएम नरेंद्र मोदी ने इसका लोकार्पण कर जनता को समर्पित भी कर दिया। लोकार्पण को लगभग 10 माह का समय बीत गया है लेकिन जनपद में बनने वाले मोटलनुमा प्लाजा का निर्माण अभी तक शुरू भी नहीं हो सका है। कार्यदायी संस्था की मानें तो अभी इसके लिए टेंडर की प्रक्रिया नहीं कराई गई है। हालांकि किशुनदासपुर में स्थापित होने वाले पेट्रोल पंप का निर्माण तो पूरा हो चुका है लेकिन अभी तक यहां से ईंधन की आपूर्ति शुरू नहीं हुई है। यह पेट्रोल पंप रिलायंस कंपनी का होगा और वहीं बगल में ही सीएनजी का स्टेशन भी स्थापित होगा।