आजमगढ़। उप डाकघर बनकट में स्थित एक व्यक्ति के खाते से 1.15 लाख रुपये गायब हो गये है। इस मामले में पीड़ित ने उप पोस्टमास्टर समेत तीन के खिलाफ मुबारकपुर थाने में नामजद तहरीर दी है।
मुबारकपुर थाना क्षेत्र के रामपुर मुबारकपट्टी गांव निवासी अयोध्या सिंह पुत्र राममुरत का खाता उप डाकघर बनकट में है। उसके खाते से एक लाख 15 हजार 380 रुपये गायब हो गये। इसकी जानकारी पीड़ित को सोमवार को उस समय हुई जब वह डाकघर पर पहुंचा। शिकायत करने पर डाक विभाग द्वारा उसकी कोई सहायता नहीं की गई। जिस पर परेशान हाल अयोध्या सिंह मुबारकपुर थाने पर पहुंचे और उप पोस्टमास्टर हरेंद्र सिंह समेत तीन लोगों के खिलाफ थाने पर नामजद तहरीर दी। पीड़ित का आरोप है कि उक्त लोगों ने निकासी फार्म भर कर फर्जी तरीके से उसके खाते से एक लाख 15 हजार 380 रुपये उड़ा दिये है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत कर छानबीन शुरू कर दी है।